औरंगाबाद: गोह में बेखौफ चोरों का आतंक, घर से 20 हजार नकद और दो लाख के जेवरात की चोरी

औरंगाबाद जिले में चोरों का आतंक जारी है। गोह थाना क्षेत्र में एक घर से लाखों की चोरी हुई, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। लगातार हो रही घटनाओं से लोग पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठा रहे हैं।

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के उपहारा थाना अंतर्गत अमारी पंचायत के रघुनाथ बिगहा गांव में सोमवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए 20 हजार रुपये नकद और लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात की चोरी कर ली. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.

लोगों का आरोप है कि अमारी पंचायत के विभिन्न गांवों में अब तक आधा दर्जन से अधिक घरों में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है, जिससे लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.

रात में खुली आंख तो बिखरा मिला सामान

पीड़ित रामाधार यादव ने बताया कि मंगलवार की तड़के करीब दो बजे जब उनकी बहू किसी काम से उठी, तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला. कमरे में जाकर देखने पर बक्सा टूटा हुआ था. बक्से में रखे 20 हजार रुपये नकद के अलावा मंगलसूत्र, नथिया, पायल, बाली और झुमका सहित करीब दो लाख रुपये मूल्य के जेवरात गायब थे. इसके बाद परिजनों ने आसपास के लोगों को सूचना दी और उपहारा थाना पुलिस को घटना से अवगत कराया.

ग्रामीणों ने की रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग

सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे उपहारा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पीड़ित परिवार से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई.

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है और शाम ढलते ही गांवों में भय का माहौल बन जाता है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्धों की नियमित जांच करने और मामलों का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है.

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

इस संबंध में थाना प्रभारी आकाश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है और पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manikant pandey

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >