औरंगाबाद में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने फहराया तिरंगा, विकास योजनाओं की गिनाईं उपलब्धियां

80वें स्वतंत्रता दिवस पर औरंगाबाद के गांधी मैदान में प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने झंडोत्तोलन किया. इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और सिंचाई जैसे क्षेत्रों में जिले की उपलब्धियों को गिनाया. 25,524 आवासों की स्वीकृति और 744 भूमिहीन परिवारों को भूमि बंदोबस्ती जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख किया गया.

Aurangabad Independence Day: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में मंत्री, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार-सह-प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने झंडोत्तोलन किया. इससे पहले प्रभारी मंत्री रमा निषाद, जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली. इसके बाद स्कूली छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया.

शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन

प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए वीर सपूतों, महान स्वतंत्रता सेनानियों तथा हाल के दिनों में मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए सैनिकों को नमन किया. उन्होंने बिहार विभूति डॉ. अनुग्रह नारायण सिन्हा एवं ओबरा प्रखंड के खरांटी गांव निवासी 19 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी शहीद जगतपति कुमार को विशेष रूप से श्रद्धांजलि अर्पित की.

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाईं

गांधी मैदान के मंच से जिलेवासियों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा, अल्पसंख्यक कल्याण, महिला सशक्तीकरण, विद्युत आपूर्ति, पर्यटन एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि जिले में दो नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय छात्रावास एवं 13 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित हैं. 14 मॉडल स्कूल चिन्हित किए गए हैं तथा मदनपुर एवं ओबरा में दो नए डिग्री कॉलेज शुरू किए गए हैं.

स्वास्थ्य के क्षेत्र में जुलाई माह में टेलीमेडिसिन सेवा में औरंगाबाद जिला राज्य में प्रथम स्थान पर रहा. टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पांच लाख से अधिक लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई है. मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत 28 बच्चों का नि:शुल्क हृदय ऑपरेशन कराया गया है. जिले में 59 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं एक अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले गए हैं.

25,524 आवास स्वीकृत, 16 हजार से अधिक पूर्ण

ग्रामीण विकास एवं आवास के क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 25,524 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 16 हजार से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं. स्वच्छ एवं सुंदर ग्राम पंचायतों के निर्माण के लिए ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के तहत 190 अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों का निर्माण किया गया है.

पंचायती राज के तहत 200 ग्राम पंचायतों में 99 पंचायत सरकार भवन पूर्ण हो चुके हैं. सभी पंचायतों में निर्धारित 30,220 सोलर स्ट्रीट लाइट का शत-प्रतिशत अधिष्ठापन किया जा चुका है. पंचायतों में विवाह मंडप का निर्माण भी कराया जा रहा है.

744 भूमिहीन परिवारों को मिला भूमि बंदोबस्ती का लाभ

भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने के लिए अभियान बसेरा-02 के तहत जिले को मिले 744 सुयोग्य परिवारों के लक्ष्य के अनुरूप सभी 744 परिवारों को भूमि बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र उपलब्ध करा दिया गया है.

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री ने मंच से 11 भूमिहीन लाभुकों को भूमि बंदोबस्ती का पर्चा प्रदान किया. वहीं पूरे जिले में 200 से अधिक भूमिहीन परिवारों को भूमि पर्चा निर्गत एवं प्रदान किया गया.

सिंचाई परियोजनाओं से 19,831 हेक्टेयर भूमि को मिलेगा लाभ

कृषि एवं सिंचाई के क्षेत्र में ‘हर खेत तक सिंचाई का पानी’ कार्यक्रम के तहत 134 आहर, पईन एवं चेकडैम का निर्माण पूरा किया गया है. इससे 19,831 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी. जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत नौ योजनाओं का कार्य भी पूरा किया गया है. पर्यावरण संरक्षण के तहत इस वित्तीय वर्ष में 270 हेक्टेयर वन भूमि पर दो लाख 93 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया है. सरकारी संस्थानों एवं आम नागरिकों के बीच 34,950 पौधों का वितरण भी किया गया है.

3.05 लाख पेंशनधारियों को अब 1,100 रुपये मासिक

सामाजिक सुरक्षा के तहत विभिन्न पेंशन योजनाओं के तीन लाख पांच हजार लाभुकों को अब 400 रुपये के स्थान पर 1,100 रुपये प्रतिमाह की पेंशन डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है. ऊर्जा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 204 उपभोक्ता लाभान्वित हो रहे हैं. 6,578 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के लिए नि:शुल्क सोलर संयंत्र लगाने का कार्य प्रगति पर है. 125 यूनिट तक पूर्ण अनुदान का लाभ दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जिले के शहरी क्षेत्रों में 23 से 24 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 22 से 23 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है.

13,580 आवेदनों में 13,166 का हुआ निष्पादन

जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित ‘आपकी सरकार आपके द्वार-सहयोग शिविर’ में अब तक 13,580 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें 13,166 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है. जिले में 97 प्रतिशत निष्पादन दर हासिल की गई है.

अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत 767 छात्राओं को प्रति छात्रा 15 हजार रुपये की दर से प्रोत्साहन राशि दी गई है. पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास एवं विभिन्न आवासीय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है. अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण के तहत अत्याचार अधिनियम के अंतर्गत 238 पीड़ितों के खातों में एक करोड़ 60 लाख रुपये की सहायता राशि अंतरित की गई है.

शहरी विकास और खेल के क्षेत्र में योजनाएं

शहरी विकास के तहत 2 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से नया रामजानकी पार्क अमृत 2.0 योजना के तहत स्वीकृत किया गया है. प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 650 आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा 222 आवास निर्माणाधीन हैं. सात वार्डों के 3,781 घरों में पेयजलापूर्ति सुनिश्चित की गई है. देव में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है. डीएफसीसीआईएल रेल लाइन संरेखण के तहत विभिन्न स्थानों पर रोड अंडर ब्रिज निर्माण की कार्रवाई की जा रही है.

स्वरोजगार और उद्योग को बढ़ावा देने पर जोर

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना एवं बिहार लघु उद्यमी योजना के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है. जीविका के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ा जा रहा है. पशुपालन, मत्स्य पालन, ग्रामीण विकास, पथ निर्माण, उद्योग, महिला सशक्तीकरण समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है.

करदाताओं को भामाशाह सम्मान

समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री ने समय पर एवं ईमानदारी से कर का भुगतान करने वाले सभी करदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि कर का ईमानदार एवं समयबद्ध भुगतान सशक्त राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है.

वाणिज्य कर विभाग द्वारा कर संग्रहण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले नॉन-कॉरपोरेट व्यवसायियों को ‘भामाशाह सम्मान’ प्रदान किया गया. प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले क्रमशः अभिषेक ऑटो, गोपाल सेल्स एवं कुमार हर्ष को नगद राशि एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.

परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड में भाग लेने वाले सशस्त्र बल, बिहार सैन्य पुलिस, जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स तथा स्काउट एवं गाइड दल के नेतृत्वकर्ताओं को अनुशासित एवं जोशपूर्ण प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.

प्रभारी मंत्री ने कहा कि औरंगाबाद जिला राज्य सरकार की विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है और विकास का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुंचाया जाएगा. उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को शत-शत नमन करते हुए जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं.

इस मौके पर अपर औरंगाबाद सांसद अभय कुमार सिन्हा, विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता आपदा लोक शिकायत जयप्रकाश नारायण, अपर समाहर्ता आपदा उपेंद्र पंडित, अपर समाहर्ता विशेष शाखा मोहम्मद सादुल हसन खां, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव कुमार सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रत्ना प्रियदर्शनी, वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव एवं बेबी प्रिया, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी समेत जिले के अन्य पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे.

झंडोतोलन की झलक | Prabhat Khabar Network
झंडोतोलन की झलक | Prabhat Khabar Network
झंडोतोलन की झलक | Prabhat Khabar Network
झंडोतोलन कार्यक्रम का नजारा | Prabhat Khabar Network
झंडोतोलन कार्यक्रम का नजारा | Prabhat Khabar Network
झंडोतोलन कार्यक्रम का नजारा | Prabhat Khabar Network
झंडोतोलन कार्यक्रम का नजारा | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुधीर कुमार सिन्हा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >