औरंगाबाद : धान के खेत में पैर फिसला, गहरे कीचड़ में फंसे बुजुर्ग की मौत; रातभर खेत में पड़ा रहा शव

औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग बढ़ई की धान के खेत में पैर फिसलने से गहरे कीचड़ में फंसकर मौत हो गई. रातभर खेत में फंसे रहने के बाद उनकी जान चली गई. घटना को लेकर ग्रामीणों में चर्चा का माहौल है.

औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के मुरौली खुर्द गांव के समीप धान के खेत में गिरने और गहरे कीचड़ में फंसने से एक बुजुर्ग बढ़ई की मौत हो गयी, जिनकी पहचान टंडवा थाना क्षेत्र के पचपोखरी गांव निवासी 60 वर्षीय कुलदीप शर्मा के रूप में हुई है जो कुटुंबा थाना क्षेत्र के वर्मा गांव में रहकर फर्नीचर व बढ़ई का काम करते थे.

धान के खेत में पैर फिसलने से हुआ हादसा

घटना रविवार की देर शाम की बतायी जा रही है और सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने खेत में उनका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. जानकारी के अनुसार, कुलदीप शर्मा वर्मा गांव में रहकर आसपास के गांवों में बढ़ई का काम करते थे तथा रविवार की शाम वह काम के सिलसिले में मुरौली खुर्द गांव की ओर गए थे.

काम खत्म कर लौटने के दौरान गांव के उत्तर दिशा में स्थित धान के खेत के समीप उनका पैर फिसल गया, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह पानी व गहरे कीचड़ से भरे खेत में गिर गए. उस समय अंधेरा हो चुका था और आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं होने के कारण वह गहरे कीचड़ में फंसकर बाहर नहीं निकल सके तथा रातभर खेत में फंसे रहने से उनकी मौत हो गई.

सुबह खेत में शव मिलने पर पुलिस की कार्रवाई

सोमवार की सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर कुलदीप शर्मा के शव पर पड़ी, जिसके बाद घटना की सूचना कुटुंबा थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष इमरान आलम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की.

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.

ग्रामीणों द्वारा शराब के नशे में होने की चर्चा

घटना के बाद ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि कुलदीप शर्मा शराब के नशे में थे और इसी दौरान खेत में गिर गए. कुछ ग्रामीणों का दावा है कि वह मुरौली खुर्द गांव की ओर शराब पीने गए थे, हालांकि शराब के नशे में होने या इसी वजह से हादसा होने की पुलिस स्तर पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

घटनास्थल के आसपास शराब मिलने की बात भी ग्रामीणों द्वारा कही जा रही है. इस घटना के बाद ग्रामीणों ने मुरौली खुर्द समेत आसपास के गांवों में कथित रूप से हो रही शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग प्रशासन से की है, और इधर मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में मातम पसर गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंबुज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >