औरंगाबाद में दो महीने से ठप रफ्तार, दोमुहान पुल पर पैदल सफर को मजबूर हजारों लोग, डायवर्सन निर्माण पर उठे सवाल

औरंगाबाद-डाल्टेनगंज NH-139 पर दोमुहान पुल के क्षतिग्रस्त होने से दो महीने से यातायात ठप है. यात्री, खासकर महिलाएं और बच्चे, सामान के साथ पुल पार करने को मजबूर हैं. स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है.

औरंगाबाद–डाल्टेनगंज एनएच-139 पर बटाने नदी स्थित दोमुहान पुल के क्षतिग्रस्त होने से पिछले करीब दो महीने से यातायात व्यवस्था प्रभावित है. पुल का पाया क्षतिग्रस्त होने के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी है. फिलहाल केवल छोटे वाहन ही पुल से गुजर रहे हैं, जबकि बसों का परिचालन दोनों छोर तक सीमित कर दिया गया है.

पैदल पुल पार करने को मजबूर यात्री

बस यात्रियों को पुल के एक छोर पर उतरना पड़ता है. इसके बाद उन्हें सामान के साथ पैदल पुल पार कर दूसरी ओर जाकर दूसरी बस पकड़नी पड़ती है. इस व्यवस्था से महिलाओं, बुजुर्गों, छोटे बच्चों और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है.

स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी असर

पुल क्षतिग्रस्त होने का असर शिक्षा व्यवस्था पर भी पड़ा है. अंबा और नवीनगर से औरंगाबाद आने-जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं रोज पैदल पुल पार कर रहे हैं. कई निजी स्कूलों की बसों को देव रोड होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे बच्चों को पहले की तुलना में अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है और विद्यालय पहुंचने में देरी हो रही है.

धीमी गति से चल रहा डायवर्सन निर्माण

आवागमन बहाल रखने के लिए विभाग की ओर से डायवर्सन का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन इसकी रफ्तार बेहद धीमी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बंद होने के काफी समय बाद निर्माण शुरू हुआ और एक माह बीत जाने के बाद भी काम पूरा नहीं हो सका. लोगों का आरोप है कि आम जनता की परेशानी को लेकर विभाग अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहा है.

जनप्रतिनिधियों और संघर्ष समिति पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने सरकार को पत्र लिखकर समाधान की मांग की थी, लेकिन अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रियता नहीं दिखी. वहीं, एनएच-139 संघर्ष समिति ने शुरुआती दिनों में आंदोलन किया, लेकिन डायवर्सन निर्माण शुरू होने के बाद उसकी गतिविधियां भी धीमी पड़ गईं. लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्द सुरक्षित आवागमन बहाल करने की मांग की है.

बंटी यादव हत्याकांड में पटना पुलिस की कार्रवाई, लापरवाही पर 3 ASI और 1 होमगार्ड निलंबित


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >