औरंगाबाद जिले के बारुण प्रखंड अंतर्गत बारुण बाईपास में बन रहे तीन स्पैन के पुल का गुरुवार को जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
3 स्पैन का बन रहा पुल, पानी का स्तर घटते ही तेजी से पूरा होगा काम
निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि निर्माणाधीन पुल में कुल तीन स्पैन हैं. इनमें से एक स्पैन के गर्डर की ढलाई का काम पूरा कर लिया गया है.
उन्होंने बताया कि बारिश का मौसम खत्म होने और नहर में जलस्तर कम होते ही कार्य में और तेजी लाई जाएगी. अनुकूल परिस्थितियों में आगामी तीन महीनों के भीतर पुल का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा.
कार्य की गुणवत्ता से समझौता न करने के सख्त निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो.
डीएम ने अधिकारियों को स्थल पर नियमित निगरानी रखने और किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए.
क्षेत्र में आवागमन होगा सुगम, आम लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
जिलाधिकारी ने कहा कि इस पुल का निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी और यातायात सुगम होगा. उन्होंने इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का बल दिया ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके.
निरीक्षण के अवसर पर अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
