दाउदनगर. प्रखंड इ-किसान भवन में किसानों के बीच मूंग, मक्का व उड़द के बीज का वितरण किया जा रहा है. एक मार्च से ही सरकार द्वारा निर्धारित दर पर किसानों को बीज दिया जा रहा है. बीज लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ रही है. प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि प्रति पंचायत तीन क्विंटल मूंग के बीज का वितरण किया जा रहा है. 52 क्विंटल 92 किलोग्राम मूंग का बीज प्रखंड को प्राप्त हुआ है. उड़द का बीज नौ क्विंटल 76 किलो और मक्का का बीज नौ क्विंटल 92 किलो दाउदनगर प्रखंड को मिला है. अकाउंटेंट श्रीकांत कुमार सिंह ने बताया कि जिन किसानों का रजिस्ट्रेशन हुआ है, उन्हें ही बीज प्रदान किया जा रहा है. उनके रजिस्ट्रेशन नंबर के अनुसार उनका ओटीपी जायेगा. ओटीपी लेकर वे कार्यालय में पहुंच रहे हैं और यहां बायोमेट्रिक सिस्टम से उन्हें बीज दिया जा रहा है. बताया गया कि बीज वितरण के लिए पंचायतों का रोस्टर बनाया गया है और रोस्टर के अनुसार किसानों को लाभ दिया जा रहा है. तरार और तरारी पंचायत का बीज वितरण हो चुका है. शनिवार को भी बीज के लिए प्रखंड इ-किसान भवन में किसानों की भीड़ देखने को मिली. वहीं, नौडीहां पहुंचे किसान राम विनय सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के बीच बीज का वितरण तो किया जा रहा है, लेकिन इसके इसकी भी जांच होनी चाहिए कि उस बीज का सदुपयोग हो रहा है या नहीं. किस तरह उसका इस्तेमाल किया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
