Aurangabad News : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देव में रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा बरसात के मौसम में संभावित बीमारियों की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
हीट वेव के दौरान मरीजों के बेहतर प्रबंधन पर संतोष
बैठक में भीषण गर्मी और हीट वेव के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के बेहतर प्रबंधन एवं देखरेख को लेकर संतोष व्यक्त किया गया. अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों ने कहा कि गर्मी के दौरान अस्पताल आने वाले मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उपचार और देखरेख की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई.
जलजमाव वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर होगी जल निकासी
बरसात के मौसम में होने वाली विभिन्न जलजनित एवं मच्छरजनित बीमारियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया. इसके लिए अस्पताल परिसर और आसपास साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने तथा जलजमाव वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां शीघ्र जल निकासी की व्यवस्था कराने का निर्णय लिया गया. बैठक में कहा गया कि जलजमाव के कारण मच्छरों के प्रजनन और विभिन्न संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में अस्पताल परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
अस्पताल में लाइटिंग और सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा
अस्पताल परिसर को मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए बेहतर बनाने को लेकर आकर्षक लाइटिंग एवं पर्यावरण की दृष्टि से सौंदर्यीकरण कार्य कराने पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा अस्पताल में खराब बिजली उपकरणों की मरम्मत, रोगी कक्षों में खराब एसी की मरम्मत तथा दवा वितरण स्थल पर मरीजों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया.
छठ मेला और सूर्य महोत्सव के लिए आवंटन की मांग
बैठक में छठ मेला एवं सूर्य महोत्सव के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन पर होने वाले खर्च को लेकर जिला प्रशासन से आवंटन की मांग करने का निर्णय लिया गया. इसके लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, देव को जिला प्रशासन से पत्राचार कर आवश्यक आवंटन की मांग करने के लिए अधिकृत किया गया. समिति के सदस्यों ने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ राजकीय मेला घोषित है और राज्य सरकार द्वारा इसके आयोजन के लिए पर्याप्त राशि का प्रावधान किया जाता है. इसी प्रकार सूर्य महोत्सव के लिए भी राज्य सरकार द्वारा बजटीय व्यवस्था की जाती है. ऐसे में दोनों आयोजनों के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था से संबंधित होने वाले खर्च के लिए आवंटन की मांग की जाएगी.
सदस्यों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का किया निरीक्षण
बैठक के बाद उपस्थित सदस्यों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया. इस दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं में आवश्यक सुधार को लेकर सुझाव भी दिए गए. बैठक में स्वास्थ्य प्रबंधक डॉ. विकास कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, रोगी कल्याण समिति के आलोक कुमार सिंह, बलिंद्र प्रसाद मेहता, रीता देवी, किरण गुप्ता, अंजू देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
Also Read : राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव में प्रस्तुति देने बेगूसराय से कोलकाता रवाना हुई आकाश गंगा रंग चौपाल की टीम
