लापरवाही. सुबह 8:50 बजे हार्ट अटैक के मरीज को लेकर पहुंचे परिजन, 9:25 बजे तक नदारद थे डॉक्टर
आरोप : दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल की खुली पोल, डॉक्टर के इंतजार में मरीज ने तोड़ा दमओपीडी से गायब दो महिला डॉक्टरों का एक दिन का वेतन स्थगित
फोटो-50-अनुमंडल अस्पताल में पहुंचे लोग. प्रतिनिधि, दाउदनगरबेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का सरकारी दावा गुरुवार को दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल में उस वक्त खोखला साबित हुआ, जब एक गंभीर मरीज को समय पर इलाज नहीं मिल सका. गुरुवार की सुबह करीब 8:50 बजे मौलाबाग न्यू एरिया निवासी एक हार्ट अटैक के मरीज को अस्पताल लाया गया, लेकिन उस समय ओपीडी या इमरजेंसी में एक भी डॉक्टर उपस्थित नहीं थे. इस घोर लापरवाही को देख मरीज के परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. बाद में अस्पताल प्रबंधन द्वारा आनन-फानन में एक चिकित्सक को बुलाकर जांच करायी गयी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और मरीज को मृत घोषित कर दिया गया.
समय पर नहीं खुलती ओपीडी, डॉक्टर नदारद
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को ओपीडी में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ रश्मि और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ सोनम प्रभा की ड्यूटी थी. नियमानुसार सुबह आठ बजे से ओपीडी शुरू हो जानी चाहिए, लेकिन सुबह 9:25 बजे तक दोनों ही डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंची थीं. हंगामे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नम्रता प्रिया को बुलाकर मरीज की जांच करवायी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां अक्सर डॉक्टर एक से डेढ़ घंटे विलंब से पहुंचते हैं. रात्रि ड्यूटी वाले डॉक्टर आठ बजे चले जाते हैं, जिसके बाद ओपीडी डॉक्टरों के आने तक अस्पताल भगवान भरोसे रहता है.सिविल सर्जन पर बरसे विधायक, दी आंदोलन की चेतावनी
अनुमंडल अस्पताल की इस अव्यवस्था पर ओबरा विधायक डॉ प्रकाश चंद्र ने गहरा रोष जताया है. उन्होंने तत्काल प्रभारी उपाधीक्षक से बात कर स्थिति की जानकारी ली. विधायक ने आरोप लगाया कि सिविल सर्जन को जिला मुख्यालय से फुर्सत नहीं है और वे अस्पतालों का निरीक्षण नहीं करते हैं. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अस्पताल की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो उग्र आंदोलन किया जायेगा. विधायक ने पूर्व में दाउदनगर पीएचसी की अव्यवस्था की शिकायत भी की है, जिसकी जांच चल रही है.लापरवाह डॉक्टरों का वेतन स्थगित, स्पष्टीकरण तलब
घटना के बाद अनुमंडल अस्पताल की प्रभारी उपाधीक्षक डॉ शांता कुमारी ने सख्त रुख अपनाते हुए ओपीडी से अनुपस्थित डॉ रश्मि और डॉ सोनम प्रभा का एक दिन का वेतन स्थगित कर दिया है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभागीय उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है.क्या कहतीं प्रभारी उपाधीक्षक
चिकित्सकों का रोस्टर बना हुआ है. गुरुवार को उपस्थित नहीं रहने वाले दोनों पदाधिकारियों को अनुपस्थित करते हुए उनका एक दिन का वेतन स्थगित किया गया है. हालांकि, मरीज की मौत पहले ही हो चुकी थी, लेकिन आगे से समय पर डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित की जायेगी.
