चुनावी सरगर्मी चरम पर दाउदनगर. अनुमंडलीय विधिक संघ के नये सत्र के पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया अंतिम दिन संपन्न हो गयी. अंतिम दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 19 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किये. इसके साथ ही पूरी चुनावी प्रक्रिया में अब तक कुल 43 प्रत्याशी अलग-अलग पदों के लिए अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं. अब नामांकन पत्रों की संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि चुनावी मैदान में कितने उम्मीदवार अंतिम रूप से बने रहेंगे. निर्वाची पदाधिकारी नंद कुमार सिंह तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी अरविंद कुमार और हरिनाथ सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अध्यक्ष पद के लिए मनोज कुमार मिश्रा ने नामांकन दाखिल किया है. उपाध्यक्ष पद के लिए नवल कुमार शर्मा मैदान में हैं. महासचिव पद हेतु बैजनाथ प्रसाद ने दावेदारी पेश की है, जबकि संयुक्त सचिव पद के लिए सुदामा प्रसाद सुमन ने नामांकन किया है. इसी तरह सहायक सचिव पद के लिए सुमन रानी निकुंज, कोषाध्यक्ष पद के लिए राजीव कुमार तथा अंकेक्षक पद के लिए अरुण कुमार मंडल ने नामांकन पत्र दाखिल किया है. पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर अंजनी कुमार एवं बृजनंदन कुमार ने नामांकन किया है, जबकि निगरानी सदस्य पद के लिए रीता सिन्हा ने दावेदारी पेश की है. कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए शिवपूजन यादव, विजय सिंह, अजय सिंह, राजेंद्र प्रसाद तथा सुधीर कुमार मख्यान ने नामांकन दाखिल किया है. वहीं वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए शिवाधार यादव, ओम प्रकाश, सुरेंद्र प्रसाद सिंह और रामदेव यादव मैदान में हैं. नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दाउदनगर विधिक संघ परिसर में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं. प्रत्याशी अपने समर्थन में अधिवक्ताओं से संपर्क साधकर माहौल बनाने में जुटे हैं. आने वाले दिनों में नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी. फिलहाल अधिवक्ताओं के बीच चुनाव को लेकर उत्सुकता और चर्चा का माहौल बना हुआ है.
दाउदनगर विधिक संघ चुनाव, अंतिम दिन 19 प्रत्याशियों ने किया नामांकन
चुनावी सरगर्मी चरम पर
