औरंगाबाद : जमुई घटना के विरोध में अंबा में कांग्रेस की जनाक्रोश रैली, किया पुतला दहन

औरंगाबाद जिले के अंबा में जमुई की घटना के विरोध में कुटुंबा प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से जनाक्रोश रैली निकाली गई. प्रखंड अध्यक्ष मिथलेश कुमार के नेतृत्व में अंबा चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया तथा छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई.

बिहार के जमुई जिले में गत 19 सितंबर को छात्र-छात्राओं के साथ हुई कथित बदसलूकी, मारपीट और छेड़खानी की घटना के तीखे विरोध में मंगलवार को कुटुंबा प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से अंबा बाजार में एक जोरदार जनाक्रोश रैली निकाली गई. प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मिथलेश कुमार के नेतृत्व में निकाली गई यह रैली अंबा दुर्गा मंडप से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अंबा चौक पर पहुंची.

यहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति और महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों को लेकर सरकार पर तीखे सवाल उठाए.

प्रदशर्न का नेतृत्व कर रहे प्रखंड अध्यक्ष मिथलेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जमुई में कोचिंग से अपने घर लौट रही दसवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ कुछ मनचले युवकों द्वारा की गई यह करतूत बेहद गंभीर, निंदनीय और चिंताजनक है.

उन्होंने इस घटना में शामिल सभी फरार आरोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. साथ ही, पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

वायरल वीडियो का हवाला देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस घटना से संबंधित वायरल वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा कथित दुर्व्यवहार और छात्रा के साथ किया गया उत्पीड़न अत्यंत गंभीर प्रकृति का है. हालांकि, इस मामले में पुलिस द्वारा तीन आरोपितों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है, लेकिन कांग्रेस ने मांग की है कि घटना में शामिल अन्य फरार चल रहे सभी आरोपितों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाए.

Also Read : औरंगाबाद में विद्यार्थियों के लिए नई पहल, 1100 पर दर्ज कराएं शिकायत, 30 दिनों में होगा समाधान

कांग्रेस नेताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार के विशेष निर्देश पर पूरे राज्यभर में जिला और प्रखंड स्तर पर धरना-प्रदर्शन किए जा रहे हैं. कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की.

ये लोग रहे कार्यक्रम में शामिल

इस जनाक्रोश रैली और प्रदर्शन के दौरान मो. जीशान, रविकांत, आनंद कुमार पाल, जीतबहन राम, नीरज कुमार, किशोर कुमार, चंदन रविदास, सदय यादव, श्रीराम कुमार, मोहित कुमार, रोहित कुमार, शक्ति कुमार, मो. फैसल सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंबुज कुमार

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >