औरंगाबाद में 26 जुलाई को 24 केंद्रों पर होगी BPSC 72वीं प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य सचिव ने की तैयारियों की समीक्षा

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 26 जुलाई को औरंगाबाद जिले के 24 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा की सुरक्षा, पारदर्शिता और कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं.

Aurangabad News: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. शुक्रवार को बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, पारदर्शिता तथा प्रशासनिक तैयारियों की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की गई.

इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में औरंगाबाद जिले से जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक (एसपी) उपेंद्रनाथ वर्मा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर मुख्य रूप से शामिल हुए.

बायोमेट्रिक और जैमर एजेंसी कर्मियों का होगा पुलिस सत्यापन

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को परीक्षा के पारदर्शी व निष्पक्ष संचालन के लिए कई कड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त की जाने वाली बायोमेट्रिक एजेंसी एवं जैमर एजेंसी के सभी अधिकारी व कर्मियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन (पुलिस वेरिफिकेशन) कराने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षा की गोपनीयता, सुचिता और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके.

केंद्राधीक्षकों के साथ होगी ब्रीफिंग बैठक

मुख्य सचिव ने कड़े लहजे में कहा कि सभी जिलाधिकारी परीक्षा आयोजन से पूर्व अपने-अपने जिलों के सभी केंद्राधीक्षकों के साथ एक विशेष बैठक एवं ब्रीफिंग आयोजित करें. इस बैठक में सभी को बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा जारी नवीनतम दिशा-निर्देशों से अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए. साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के समय प्रत्येक अभ्यर्थी की कड़ाई से जांच हो और उनके पास सरकार द्वारा जारी वैध पहचान पत्र उपलब्ध होना आवश्यक है.

26 जुलाई को 24 केंद्रों पर होगी परीक्षा

गौरतलब है कि बिहार लोक सेवा आयोग की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा आगामी 26 जुलाई को औरंगाबाद जिले के कुल 24 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं पूरी तरह से कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी ओर से सभी आवश्यक बुनियादी तैयारियां और सुरक्षा खाका तैयार करना शुरू कर दिया है. सभी केंद्रों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है.

Also Read: औरंगाबाद: गोह की तीन बेटियों ने NEET में मचाया धमाल, शानदार रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sudhir kumar singh

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >