औरंगाबाद/अंबा. औरंगाबाद डाल्टेनगंज में अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया. इस घटना में दो युवको की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना रविवार की अहले सुबह हरिहरगंज थाना क्षेत्र के अररूआ खुर्द कॉलेज मोड़ के समीप की है. मृतकों में औरंगाबाद जिला अंतर्गत मदनपुर थाना क्षेत्र के शिवगंज निवासी मुंशी महतो के 26 वर्षीय पुत्र रविकांत कुमार और गया जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र चिरैली गांव निवासी श्रवण साव के 20 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार शामिल है. आसपास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, रविकांत व सुनील एक हीं बाइक पर सवार होकर छतरपुर की ओर से जा रहे थे. इसी क्रम में विपरीत दिशा से जा रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया. दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी. बताया जाता है कि मृत दोनों युवक साझे में व्यवसाय करते थे. अपनी व्यवसाय को लेकर दो वर्षों से हरिहरगंज बाजार स्थित मुकेश गुप्ता के किराये के मकान में रहते थे. उन्हें वहीं अपने अस्थायी आवास तक पहुंचना था. इसके पहले हीं ट्रक की टक्कर से दोनों दोस्तों की जान चली गयी. इधर घटना की सूचना मिलते ही हरिहरगंज पुलिस इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष चंदन कुमार, एसआइ सतीश गुप्ता व रंजीत कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों युवको के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया. इधर धक्का मारने के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया. हालांकि, उसका नंबर प्लेट घटना स्थल पर ही गिर गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के बाद मृतक के परिजनों को फोन से सूचना दी गयी. बेटे की मौत के मामले में मृतक रविकांत के पिता ने हरिहरगंज पहुंचकर मामले में धक्का मारकर भागने वाले ट्रक व उसके चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव को अंतिम संस्कार करने के लिए परिजनों को सौंप कर दिया गया है. युवक की मौत के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
