औरंगाबाद के ओबरा प्रखंड के महुआंव गांव निवासी बिट्टू राज ने दिल्ली छात्र संसद-2026 में भाग लेकर जिले का नाम रोशन किया है. नई दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देशभर से चयनित करीब 250 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.
संसदीय शैली में युवाओं ने रखे अपने विचार
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने लोकतंत्र, संसदीय परंपराओं, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय मुद्दों पर संसदीय शैली में अपने विचार प्रस्तुत किए. बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र बिट्टू राज ने भी इस राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाई.
ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर हासिल की बड़ी उपलब्धि
बिट्टू राज के पिता उमेश सिंह और माता सुनीता देवी ने बताया कि बेटे की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ ओबरा प्रखंड और पूरे औरंगाबाद जिले का सम्मान बढ़ा है. दिल्ली छात्र संसद युवाओं में नेतृत्व क्षमता और नीति निर्माण की समझ विकसित करने का मंच प्रदान करता है.
बिट्टू की सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल
बिट्टू राज की उपलब्धि पर शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने खुशी जताई है. लोगों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की ऐसी सफलताएं अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करती हैं.
