हर घर तिरंगा अभियान-2026 को लेकर औरंगाबाद में व्यापक तैयारी, 12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

Aurangabad News : औरंगाबाद में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 12 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. जिला प्रशासन ने कार्यक्रमों की व्यापक तैयारी पूरी कर ली है.

Aurangabad News : ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. मुख्य सचिव, बिहार के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त तक जिले में तिरंगा यात्रा समेत विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.

12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

अभियान के तहत 12 अगस्त को सुबह 10 बजे जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंड मुख्यालयों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. जिला मुख्यालय में तिरंगा यात्रा अनुग्रह इंटर स्कूल गेट से शुरू होकर अनुग्रह नारायण सिंह नगर भवन तक जाएगी. इसमें सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी शामिल होंगे. इसके अलावा बाइक एवं साइकिल रैली का भी आयोजन किया जाएगा.

15 अगस्त की शाम नगर भवन में होगा देशभक्ति कार्यक्रम

15 अगस्त की संध्या नगर भवन, औरंगाबाद में ‘हर घर तिरंगा’ थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें स्थानीय कलाकार देशभक्ति गीतों पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे. विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा. प्रतिभागियों के चयन के लिए ऑडिशन की प्रक्रिया भी निर्धारित की गई है.

स्कूल-कॉलेजों में होंगी देशभक्ति से जुड़ी गतिविधियां

अभियान के दौरान विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन कराया जाएगा. इसके साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ थीम पर पेंटिंग, रंगोली, क्विज, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. सरकारी भवनों को तिरंगा रोशनी से सजाने तथा तिरंगा एवं ‘वंदे मातरम्’ प्रदर्शनी लगाने की भी योजना है. ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान के माध्यम से भी लोगों को जोड़ा जाएगा.

हर प्रखंड में उपलब्ध होंगे चार हजार राष्ट्रीय ध्वज

जिले के सभी प्रखंडों में प्रति प्रखंड चार हजार झंडों की दर से राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है. अभियान में विद्यालय एवं महाविद्यालय, जीविका स्वयं सहायता समूह, ग्राम पंचायत एवं वार्ड सदस्य, पैक्स एवं अन्य सहकारी समितियां, एनएसएस, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र, खेल क्लब, युवा संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, नागरिक समाज तथा व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात पर रहेगा जोर

तिरंगा यात्रा एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान पेयजल, अल्पाहार, प्राथमिक चिकित्सा, यातायात, अस्थायी शौचालय, साफ-सफाई एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. तिरंगा यात्रा के मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुगम बनाए रखने के लिए आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक पुलिस की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी.

फ्लेक्स-बैनर से होगा प्रचार, पोर्टल पर अपलोड होंगी गतिविधियां

अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिले के प्रमुख स्थलों पर फ्लेक्स एवं बैनर लगाए जाएंगे. कार्यक्रमों की फोटो और वीडियोग्राफी के साथ लाइव प्रसारण की व्यवस्था भी की जाएगी. अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों को पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है.

सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने का निर्देश

जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों, शिक्षा विभाग, जीविका, स्वास्थ्य, पुलिस, खेल, युवा, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया है. जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ में उत्साहपूर्वक भाग लेने, अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है.

Also Read : नवादा में आईटीआई मोड़ के पास ट्रक ने बीएड छात्रा को कुचला, मौके पर मौत; नो-इंट्री के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sudhir kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >