औरंगाबाद पुलिस ने दो फरार आरोपितों पर घोषित किया इनाम

सूचना देने वालों को मिलेगा 25 हजार रुपये

औरंगाबाद ग्रामीण. जिले में आपराधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर औरंगाबाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. इसी क्रम में माली थाना क्षेत्र के नरचाही गांव निवासी दो फरार आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने वांटेड पोस्टर जारी किया है. पुलिस ने दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी में सहयोग करने वालों को 25-25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है. पुलिस द्वारा जारी पोस्टर के अनुसार पहला फरार आरोपित नरचाही गांव निवासी छोटन सिंह है, जिसके पिता का नाम प्रदीप सिंह बताया गया है. वहीं दूसरा आरोपित अंकित कुमार है, जिसके पिता धीरेंद्र सिंह हैं. दोनों आरोपित माली थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपितों के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल पाई है. इसी वजह से पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए पोस्टर सार्वजनिक किया है. पोस्टर में स्पष्ट किया गया है कि जो भी व्यक्ति दोनों आरोपितों के संबंध में सही और पुख्ता जानकारी देगा, उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जायेगी. सूचना देने के लिए पुलिस की ओर से संपर्क सूत्र भी जारी किया गया है. औरंगाबाद पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए फरार आरोपितों की गिरफ्तारी आवश्यक है. पुलिस ने आम नागरिकों से भयमुक्त होकर सहयोग करने की अपील की है, ताकि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा सके. साथ ही पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि आरोपितों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >