औरंगाबाद शहर. सदर प्रखंड के जम्होर पुनपुन व पुण्यदायिनी बटाने के संगम तट पर 22 व 23 मार्च को विष्णु धाम महोत्सव का आयोजन किया जायेगा. प्रसिद्ध तीर्थ स्थल विष्णु धाम में विष्णु धाम महोत्सव आयोजन समिति की बैठक विष्णु धाम महोत्सव की तैयारी को लेकर हुई. बैठक की अध्यक्षता आयोजन समिति के अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने की व संचालन सुरेश विद्यार्थी ने किया. सदस्यों ने आपसी विचार विमर्श किया व दोनों दिनों के कार्यक्रम के लिए उप समिति का गठन किया गया. कलश यात्रा, शोभा यात्रा व 22 मार्च को को षोडशोपचार विधि से पूजा पाठ कराने की जिम्मेदारी श्रीराम प्रज्ञा मंडल के अध्यक्ष नवनीत कुमार, गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक राम ध्यान प्रसाद एवं अशोक कुमार शौंडिक को दी गयी. 11 आचार्यों के सानिध्य में रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा पाठ के लिए आचार्य छोटेलाल पांडेय को अधिकृत किया गया. महोत्सव का उद्घाटन प्रांतीय स्तर के अधिकारी से कराने का निर्णय लिया गया. विचार गोष्ठी में इतिहासकारों, बुद्धिजीवियों सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए गठित उप समिति का संयोजक समकालीन जवाबदेही पत्रिका के प्रधान संपादक डॉ सुरेंद्र प्रसाद मिश्र को बनाया गया. पहले दिन शाम में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. इसकी जिम्मेदारी संरक्षक सिद्धेश्वर विद्यार्थी एवं मीडिया प्रभारी सुरेश विद्यार्थी को दी गयी. इसमें विद्यालयी बच्चों की विशेष सहभागिता होगी. साथ ही जिला स्तर की सांगीतिक संस्था दानिका, कपिल देव संगीत विद्यालय, निखिल डांस क्लासेस सहित अन्य लोगों को बुलाया जायेगा. दूसरे दिन 23 मार्च को संकीर्तन, चैता आदि की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष बाबूराम सिंह को दी गयी. रेडक्रॉस सोसाइटी एवं रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क जांच शिविर का भी आयोजन किया जायेगा, जिसकी जिम्मेदारी डॉ राम विकास सिंह व डॉ सुरेश कुमार विद्यार्थी को दी गयी. समारोह में जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न महोत्सव से तीन-तीन सक्रिय सदस्यों को सम्मानित किया जायेगा. वहीं शाम में शंकर कैमुरी व उनकी टीम द्वारा कवि सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा. वहीं, रात में स्थानीय कलाकारों द्वारा शानदार प्रस्तुति होगी. बैठक में पूर्व मुखिया सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता, शतचंडी धाम के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, महासचिव संजय गुप्ता, सुजीत कुमार सिंह, पवन कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष अरुण कुमार, कुंदन कुमार सोनू, पवन विश्वकर्मा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य विनय कुमार सिंह मंटू, अधिवक्ता रामपुकार ओझा, उपेंद्र कुमार, विष्णु धाम के महंत बालकानंद ब्रह्मचारी, मधुसूदन त्रिवेदी सहित अन्य उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
