Aurangabad News : सामान्य बोर्ड बैठक के बहिष्कार कर उपाध्यक्ष व पार्षदों ने लगाये भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

Aurangabad News:उपाध्यक्ष सहित पार्षद अमित कुमार, मनीष कुमार, ज्ञानी देवी, डोमनी देवी और मो इम्तियाज ने नगर पंचायत की कार्यशैली पर उठाया सवाल

नवीनगर. नगर पंचायत क्षेत्र के मंगल बाजार स्थित वार्ड पार्षद अमित कुमार के आवास परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में नगर पंचायत उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार रजक समेत कई वार्ड पार्षदों ने सामान्य बोर्ड की बैठक को लेकर तीखा आक्रोश जताया. उपाध्यक्ष सहित पार्षद अमित कुमार, मनीष कुमार, ज्ञानी देवी, डोमनी देवी और मो इम्तियाज ने संयुक्त रूप से नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए बैठक के बहिष्कार की घोषणा की. पार्षदों ने मुख्य पार्षद प्रियंका सिंह और कार्यपालक पदाधिकारी किशोर भारती पर मनमानी एवं भ्रष्टाचार में लिप्त रहने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि समय पर सामान्य बोर्ड की बैठक नहीं बुलायी जाती और जब बैठक होती है तो पार्षदों की राय को नजरअंदाज कर मनमाने ढंग से निर्णय लिये जाते है. उन्होंने आरोप लगाया कि बैठकों में पारदर्शिता का अभाव है. न तो मीडिया की उपस्थिति सुनिश्चित की जाती है और न ही किसी प्रकार की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाती है. पार्षदों का कहना था कि बैठक की कार्यवाही (प्रोसीडिंग) भी पार्षदों के समक्ष नहीं लिखी जाती, बल्कि मुख्य पार्षद के आवास पर तैयार होती है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उपस्थिति के नाम पर पहले ही हस्ताक्षर करा लिये जाते हैं, जबकि किसी बैठक की अंतिम प्रोसीडिंग पार्षदों से क्लोज नहीं करायी गयी. प्रेसवार्ता में वर्ष 2023-24 से 2026 तक कराये गये विभागीय कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया गया. पार्षदों ने कहा कि सड़क पर सड़क और नाली के ऊपर नाली निर्माण कराया गया है. खरौंदा गांव में बांस के सहारे नाली ढलाई और वार्ड सात में प्राक्कलन के विपरीत बिना कलवर्ट के नाली निर्माण का आरोप लगाया गया. उनका कहना था कि सड़कें बनते ही टूटने लग रही हैं, जो गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है. आवास योजना को लेकर भी पार्षदों ने गड़बड़ी का आरोप लगाया. कहा कि गरीब लाभुकों को तीसरी-चौथी किस्त नहीं दी जा रही, जबकि नये लाभुकों को मनमाने ढंग से प्रथम किस्त जारी की जा रही है. सफाई व्यवस्था में भी भारी अनियमितता का आरोप लगाते हुए पार्षदों ने कहा कि इसके प्रमाण सहित दस्तावेज उपलब्ध कराये जायेंगे. पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा. इधर प्रेस वार्ता के बाद नगर पंचायत की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गयी है. इधर, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि सभी कार्य ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा है. सारा खेल आवास योजना में कमिशन को लेकर किया जा रहा है. क्योंकि, पहले आवास में कमीशन का खेल चलता था अब कमीशन का खेल बंद हो चुका है. उपाध्यक्ष और पार्षदों द्वारा लगाया गया आरोप बेबुनियाद है. कार्यपालक पदाधिकारी किशोर भारती ने बताया कि इसके पहले कागज पर काम होता था. अब जमीन पर काम हो रहा है. लोकतंत्र में विरोध करना लोगों का अधिकार है. लोगों द्वारा किया गया विरोध निराधार है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINGH_PT

AMIT KUMAR SINGH_PT is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >