Aurangabad News : भीषण गर्मी में बिजली कटौती पर फूटा गुस्सा

Aurangabad News: प्रखंड मुख्यालय स्थित बिजली विभाग कार्यालय के समीप पुतला दहन कर जताया विरोध

ओबरा. प्रखंड मुख्यालय स्थित बिजली विभाग कार्यालय के समीप रविवार देर शाम लगातार बिजली कटौती से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. भीषण गर्मी और अनियमित विद्युत आपूर्ति से परेशान लोगों ने विभाग के खिलाफ पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. दिन-रात हो रही कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. लोगों ने कहा कि गर्मी के इस दौर में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से घरों में रहना मुश्किल हो गया है. पंखे और कूलर बंद रहने से उमस और गर्मी से जूझना पड़ रहा है. आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की. चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जायेगा. इधर, कनीय अभियंता मिहिर कुमार उपाध्याय ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग अचानक बढ़ गई है, जिससे सिस्टम पर दबाव बना है. 33 केवीए लाइन की रिकंडक्टिंग समेत अन्य तकनीकी कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को परेशानी न हो. उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्य पूरा होते ही क्षेत्र में सुचारु बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जायेगी. प्रदर्शन में आनंद विश्वकर्मा, पुष्कर अग्रवाल, चंदन कुमार, सूर्यप्रकाश कुमार, रंजीत पांडेय, अमित कुमार, अभिषेक कुमार, चंदन गुप्ता, अमरेश कुमार, मल्लू खान, सूरज कुमार, रंजन कुमार और इंदल कुमार समेत कई स्थानीय लोग मौजूद थे. लोगों ने विभाग से शीघ्र ठोस पहल की मांग की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINGH_PT

AMIT KUMAR SINGH_PT is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >