औरंगाबाद कार्यालय. जुए की लत से युवा बर्बाद हो रहे है. मां-बाप के गाढ़ी कमाई का पैसा जुए में बर्बाद कर रहे है और जब उन्हें पैसा नहीं मिल रहा है तो वह अपराध के रास्ते पर चल पड़ रहे है. देव शहर के एक युवक ने जुए में पैसा हारने के बाद खुद की अपहरण की साजिश रची. पुलिस और परिजनों को परेशान किया. यहां तक कि अपने ही पिता से पांच लाख की फिरौती मंगवाई. पुलिस जब एक्टिव हुई और उसे बरामद कर लिया तो पूरा मामला खुल गया. आठ घंटे के भीतर पुलिस ने साजिश का पर्दाफास कर दिया. वैसे यह मामला देव थाना क्षेत्र के कुरका निवासी अजीत मिश्रा के पुत्र कृष्णा से संबंधित है. कृष्णा मिश्रा जुए में रुपये हार गया. चार मार्च की सुबह आठ बजे घर से अंबा के लिए निकला. थोड़ी देर बाद उसने पिता से फिरौती की मांग की. इसके बाद घबराये पिता ने बेटे को अपहरण होने की सूचना देव थाने को दी. पुलिस द्वारा सीसीटीवी फूटेज का अवलोकन, आसूचना संकलन, ह्मयूमन इनटेलीजेंस एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपहृत कृष्णा मिश्रा को रफीगंज के इलाके से आठ घंटे के अंदर बरामद कर लिया. वैसे उसकी बरामदगी सदर एसडीपीओ दो अमित कुमार के नेतृत्व में की गयी. एसपी द्वारा गठित टीम में एसडीपीओ के साथ-साथ देव थानाध्यक्ष कुमार सौरभ, एसआइ सूरज कुमार व तकनीकी शाखा को शामिल किया गया. पुलिसिया पूछताछ के क्रम में उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली. अंतत: पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
