Auranhabad News : दो घरों से सात लाख की चोरी, तीसरे में नाकाम

Aurangabad News: देवकुंड के हथियारा गांव में चोरों का तांडव, बिजली काटकर दिया वारदात को अंजाम

गोह. देवकुंड थाना क्षेत्र के हथियारा गांव में मंगलवार की रात बेखौफ चोरों ने दो घरों में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जबकि तीसरे घर में परिजनों के जाग जाने से चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके. चोरों ने नकद और जेवरात सहित करीब सात लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया और आराम से फरार हो गये. इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है.

सोते रहे गृहस्वामी, बक्सा उठा ले गये चोर

सबसे पहले चोर हथियारा गांव निवासी रामजी महतो के घर में घुसे. बताया जा रहा है कि रामजी महतो जिस कमरे में बक्सा रखा था, उसी कमरे में सो रहे थे, इसके बावजूद चोर चुपचाप बक्सा उठाकर निकल गये. दूसरे कमरे में उनकी पत्नी सुंदरी देवी और बच्चियां सुमन व ऋतू सोई हुई थीं, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी. चोरों ने करीब 10 हजार रुपये नकद, सोने की बाली, चेन, अंगूठी और चांदी की पायल सहित लगभग 60 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. रामजी महतो को चोरी का पता तब चला, जब वे करीब तीन बजे रात में बाथरूम जाने के लिए उठे और बक्सा गायब पाया.

छत के रास्ते घर में घुसे, सात लाख की संपत्ति ले उड़े

दूसरी बड़ी चोरी की घटना दामोदर सिंह के घर में हुई. चोर छत के सहारे घर में दाखिल हुए और धान बेचकर रखे गए करीब 80 हजार रुपये नकद सहित सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर ले गए. संतोष सिंह की पत्नी अमृता कुमारी ने बताया कि वे अपने नए मकान में अरवल जिले के पांचू बिगहा गांव में रहती थीं, जबकि हथियारा स्थित घर में जेवरात रखे हुए थे. चोरों ने सोने का झूमका, मांगटीका, नथिया, अंगूठी, चेन, चांदी की पायल सहित गुड्डू सिंह की पत्नी आरती कुमारी और मकान मालकिन बसंती देवी के जेवरात भी चुरा लिए. चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब सात लाख रुपये बतायी जा रही है.

तीसरे घर में नाकाम रहे चोर, शोर मचते ही भागे

चोरों ने शैलेश सिंह के घर को भी निशाना बनाने की कोशिश की. छत के सहारे घर में घुसे चोरों की भनक लगते ही परिजनों ने शोर मचा दिया. इसके बाद चोर मुख्य दरवाजा खोलकर फरार हो गये. गांव वालों ने पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर चोर भाग निकले. उस वक्त घर में शैलेश सिंह की पत्नी ममता देवी और उनके छोटे बच्चे साहिल, अंजली व खुशबू मौजूद थे.

बिजली काटकर अंधेरे का उठाया फायदा

बताया जा रहा है कि चोरों ने तीनों घरों में घुसने से पहले बाहर जल रहे बल्ब निकालकर फेंक दिये. कई जगहों पर पिलर से सीधे कनेक्शन काटकर बिजली आपूर्ति बाधित कर दी गई, ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की जा सके. चोरी के बाद चोर जेवरात के खाली डिब्बे और बक्से खेतों में फेंक गये.

सूचना पर पहुंची पुलिस, लेकिन सवाल बरकरार

घटना की सूचना मिलने पर देवकुंड पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. हालांकि समाचार लिखे जाने तक न तो किसी चोर की पहचान हो सकी थी और न ही चोरी गए सामान का कोई सुराग मिला था.

लगातार हो रही चोरी, पुलिस की सक्रियता पर सवाल

गौरतलब है कि देवकुंड थाना क्षेत्र में बीते कुछ समय में दर्जनों घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. यहां तक कि थाना परिसर के पीछे स्थित दारोगा पवन कुमार के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया था, लेकिन आज तक किसी भी बड़ी चोरी का खुलासा नहीं हो सका है. लगातार हो रही वारदातों के बावजूद पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. ग्रामीणों में आक्रोश है और वे रात्रि गश्ती बढ़ाने व चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.यह घटना न सिर्फ देवकुंड पुलिस के लिए चुनौती है, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की हकीकत भी उजागर करती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >