दाउदनगर. नगर पर्षद बोर्ड की बैठक मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी की अध्यक्षता में नप कार्यालय सभा भवन में की गयी. बैठक में जनहित के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी. खासकर भीषण गर्मी को देखते हुए सभी वार्डों में पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध कराए जाने एवं बरसात के पूर्व बड़े नालों की सफाई कराये जाने पर विचार करते हुए निर्णय लिया गया. वार्ड पार्षदों ने गर्मी के दौरान जलस्तर गिरने की संभावना को देखते हुए खराब पड़े चापाकलों की तत्काल मरम्मत और सभी वार्डों में टैंकरों के माध्यम से पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी. इसके साथ ही मानसून के आगमन से पहले शहर को जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए सभी बड़े नालों की सिल्ट सफाई (उड़ाही) कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. स्वच्छता के मुद्दे पर गंभीर रुख अपनाते हुए नप बोर्ड ने मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए सभी 27 वार्डों में नियमित रूप से एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग कार्य युद्ध स्तर पर चलाने की मंजूरी दी. बैठक के दौरान सशक्त स्थायी समिति द्वारा पहले लिये गये निर्णयों की समीक्षा की गयी और कई नयी विकास योजनाओं के प्राक्कलन एवं प्रशासनिक स्वीकृति पर सर्वसम्मति से मुहर लगायी गयी. राजस्व वसूली और होल्डिंग टैक्स सर्वे की प्रगति पर भी विमर्श हुआ. मुख्य पार्षद ने उपस्थित अधिकारियों और कनीय अभियंताओं को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जायेगा. उन्होंने वार्ड पार्षदों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में हो रहे कार्यों की स्वयं निगरानी करें, ताकि जनता को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके. बैठक के बाद शहर के विकास को नयी ऊंचाई देने के उद्देश्य से मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से लाखों रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया गया. इसमें मुख्य रूप से वार्ड 15 में ठाकुर बाड़ी के समीप पार्क का निर्माण, वार्ड चार में श्मशान घाट तक पीसीसी सड़क व नाली निर्माण, वार्ड 22 में सामुदायिक भवन और वार्ड 12 में बुढ़वा महादेव मंदिर के पास छठ घाट निर्माण जैसी जन-उपयोगी योजनाएं शामिल रहीं. नप के इओ ऋषिकेश अवस्थी ने बताया कि भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए विभाग से प्राप्त निर्देशों के आलोक में जल संकट वाले वार्डों को चिह्नित किया जा रहा है. जहां चापाकल मरम्मत योग्य नहीं हैं, वहां बोरिंग के माध्यम से सबमर्सिबल मोटर द्वारा जलापूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की जायेगी. शहर के छह प्रमुख स्थलों पर लगी एलइडी टीवी और होल्डिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जायेगा. विकास कार्यों की कड़ी में 1.51 करोड़ से अधिक की 11 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जिनका कार्य जल्द शुरू कर जनता को समर्पित किया जायेगा.
Aurangabad News : नगर पर्षद बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं पर मुहर
Aurangabad News: सभी वार्डों में जलापूर्ति और खराब चापाकलों की मरम्मत का निर्णय
