औरंगाबाद कार्यालय. किशोरी सिन्हा महिला महाविद्यालय में विज्ञान संकाय के विभागों एवं आइक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में विज्ञान व पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान प्रवृत्ति तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति का विकास करना था. कार्यक्रम में भौतिकी, रसायन विज्ञान, प्राणीशास्त्र, वनस्पति विज्ञान व गणित की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने वैज्ञानिक मॉडल एवं पोस्टर प्रस्तुत कर प्रतिभा का परिचय दिया. महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ कुमारी गायत्री सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए छात्राओं के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी छात्राओं में वैज्ञानिक सोच, तार्किक दृष्टि एवं नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करती है. उन्होंने छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. प्राचार्या के साथ महाविद्यालय के बर्सर एवं प्राणी शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ अभिजीत घोष, फिजिक्स विभाग की डॉ सुगंध प्रिया, केमिस्ट्री विभाग की डॉ सुष्मिता कर, गणित विभाग के डॉ सौरभ कांति पत्रा एवं अन्य शिक्षकों ने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मॉडलों व पोस्टरों का अवलोकन किया तथा उनकी मौलिकता, प्रस्तुति शैली एवं विषय चयन की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी केवल ज्ञान का प्रदर्शन नहीं, बल्कि वैज्ञानिक चिंतन और जिज्ञासा को विकसित करने का सशक्त माध्यम है. पोस्टर प्रस्तुति सत्र में छात्राओं ने विशेष रूप से आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियां दीं. भौतिकी विभाग, सेमेस्टर छह की छात्रा पुष्पांजलि ने गुमनाम लेकिन अजेय: भारतीय विज्ञान और गणित के खेल विषय पर प्रभावशाली पोस्टर प्रस्तुत किया, जिसमें भारतीय विज्ञान एवं गणित के अल्पचर्चित किंतु महान वैज्ञानिकों के योगदान को रेखांकित किया गया. भौतिकी विभाग, सेमेस्टर छह की छात्राएं रानी कुमारी एवं सपना कुमारी ने सीवी रमण का जीवन विषय पर पोस्टर प्रस्तुति दी, जिसमें नोबेल पुरस्कार विजेता महान भारतीय वैज्ञानिक डॉ सीवी रमण के जीवन, वैज्ञानिक उपलब्धियों एवं प्रेरणादायक योगदान को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया. विज्ञान प्रदर्शनी के अंतर्गत प्राणीशास्त्र विभाग की छात्रा सिमरन कुमारी ने वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट मॉडल की प्रभावशाली प्रस्तुति दी. इस मॉडल के माध्यम से उन्होंने जल संरक्षण, अपशिष्ट जल के पुनर्चक्रण तथा जल संसाधनों के समुचित प्रबंधन की उपयोगिता को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया. उनकी प्रस्तुति ने जल संकट जैसे समसामयिक विषय पर जागरूकता उत्पन्न की तथा दर्शकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया. कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक सिद्धांतों, पर्यावरणीय मुद्दों तथा भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान पर आधारित मॉडल एवं पोस्टर के माध्यम से अपने ज्ञान, कौशल व रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. मौके पर आईक्यूएसी कॉर्डिनेटर प्रो अखिलेश सिंह, डॉ जहांगीर, डॉ शंभूनाथ सुमन, डॉ अमरेंद्र कुमार मौलाना, डॉ सुगंध प्रिया, डॉ जयंती कुमारी, डॉ रीता कुमारी, डॉ सुष्मिता कर, डॉ वचनदेव सिंह, डॉ अकबर हुसैन अंसारी, डॉ कुंदन कुमार पासवान, डॉ संजीव कुमार, डॉ राहुल तिवारी, डॉ अर्चना कुमारी, डॉ प्रभात कुमार, डॉ पंकज कुमार, डॉ अनुज कुमार, डॉ किरण कुमारी, डॉ मीनू कुमारी, डॉ अमरदीप रजक, डॉ शिवशंकर रजक, डॉ पुष्पा कुमारी, डॉ नरेश कुमार, डॉ अजय पासवान, डॉ सत्येंद्र पासवान, डॉ अरुण मिश्रा, डॉ कमलदेव ठाकुर आदि उपस्थित थे.
Aurangabad News : किशोरी सिन्हा महाविद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी में छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
Aurangabad News: भौतिकी, रसायन, गणित और जीव विज्ञान की छात्राओं ने मॉडल और पोस्टर प्रस्तुत कर वैज्ञानिक सोच का किया प्रदर्शन
