औरंगाबाद के कुटुंबा में पुलिस ने 2225 बोतल शराब लदी बोलेरो की जब्त, धंधेबाज फरार

Aurangabad News: औरंगाबाद के मुड़िला गांव में छापेमारी कर 2000 लीटर जावा महुआ विनष्ट, उपकरण किए तहस-नहस

(औरंगाबाद के कुटुंबा से विश्वनाथ पांडेय की रिपोर्ट)

Aurangabad News: शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कुटुंबा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बुधवार की आधी रात पुलिस ने झारखंड से लाई जा रही देशी शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है. हालांकि पुलिस की भनक लगते ही धंधेबाज बोलेरो वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया.

गुप्त सूचना पर चलाया गया विशेष अभियान

थानाध्यक्ष इमरान अली ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि शराब तस्कर झारखंड से वैकल्पिक मार्ग के जरिए शराब की खेप लेकर कुटुंबा थाना क्षेत्र में प्रवेश करने वाला है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस पदाधिकारी चाहत कुमार, प्रशांत त्रिवेदी, रविशंकर कुमार, मिकू कुमार एवं संयुक्त कुमार के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन कर दक्षिणी क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया.

बोलेरो छोड़कर फरार हुआ चालक

इसी दौरान महुआ धाम मेला की ओर से तेज रफ्तार में आती एक बोलेरो पर पुलिस की नजर पड़ी. लोहरचक-कुटुंबा पथ स्थित पैक्स गोदाम के समीप पुलिस वाहन को देखकर चालक बोलेरो सड़क पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसमें 89 कार्टन में पैक 300 एमएल की कुल 2225 बोतल देशी टनाका शराब बरामद हुई.

चालक, मालिक और तस्करों पर प्राथमिकी दर्ज

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस के स्वलिखित आवेदन के आधार पर जब्त वाहन के चालक, मालिक तथा अज्ञात शराब धंधेबाजों के विरुद्ध बिहार राज्य मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है. फरार तस्करों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

18 लीटर महुआ शराब भी बरामद

इसके पूर्व बुधवार की शाम पुलिस ने कुटुंबा पश्चिम बाजार महादलित टोला में छापेमारी कर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 18 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद की. थानाध्यक्ष ने बताया कि यह कार्रवाई स्क्वाड डॉग की निशानदेही पर की गई.

मुड़िला गांव में 2000 लीटर जावा महुआ विनष्ट

इसी क्रम में पुलिस टीम ने मुड़िला भूईया टोला में छापेमारी कर विभिन्न घरों से करीब 2000 लीटर जावा महुआ विनष्ट किया. साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को भी तहस-नहस कर दिया गया.

पुलिस को देख नदी की ओर भागे कारोबारी

पुलिस के अनुसार छापेमारी की भनक लगते ही शराब कारोबार से जुड़े लोग अपने घर छोड़कर बतरे नदी की ओर भाग निकले. उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.

शराब कारोबारियों पर पुलिस की सख्ती जारी

कुटुंबा थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून को सफल बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. अवैध शराब निर्माण, भंडारण और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद के दर्शन नगर में पेयजल संकट गहराया, नल-जल योजना बनी शोभा की वस्तु

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >