रफीगंज. कासमा स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग का आयोजन किया गया. बताया गया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन, उपस्थिति और उनके समग्र विकास को बेहतर बनाना था. महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रशांत मणि ने उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए मीटिंग के उद्देश्य पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की नियमित बैठकों से न केवल छात्रों के प्रदर्शन में सुधार होगा, बल्कि उनकी उपस्थिति में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि महाविद्यालय के प्रत्येक प्राध्यापक को 12 छात्रों की मेंटरशिप की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे छात्रों के शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास को बेहतर दिशा मिल सके. कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के एकेडमिक इंचार्ज प्रो चंदन कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रयोगशालाओं, प्लेसमेंट, स्टार्टअप गतिविधियों एवं अन्य सेल्स की प्रगति के बारे में जानकारी दी. उन्होंने अभिभावकों को महाविद्यालय की निरंतर उन्नति और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया. इस अवसर पर विभागीय समन्वयकों प्रो मोहन कुमार मंगलम, प्रो अमित भारद्वाज, डॉ रविशंकर प्रसाद, डॉ प्रमोद कुमार, प्रो सुशील कुमार और प्रो प्रियंका कुमारी ने भी अपने अनुभव साझा किये और अभिभावकों को महाविद्यालय की गुणवत्ता एवं उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी. वहीं, प्रो आनंद राज ने विशेष रूप से प्लेसमेंट और स्टार्टअप से जुड़ी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला. अभिभावकों से फीडबैक फॉर्म भी भरवाये गये, जिनमें उनसे महाविद्यालय के विकास और बेहतर शिक्षण व्यवस्था के लिए सुझाव लिये गये. अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की नियमित पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग से निश्चित रूप से छात्रों के प्रदर्शन में सुधार होगा. कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. अंत में प्राचार्य ने इस सफल आयोजन के लिए प्रो चंदन कुमार, प्रो आनंद राज तथा सभी मेंटर्स का आभार व्यक्त किया.
Aurangabad News : कासमा राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग, छात्रों के समग्र विकास पर जोर
Aurangabad News: नियमित संवाद से शैक्षणिक सुधार की उम्मीद, अभिभावकों से लिए गए महत्वपूर्ण सुझाव
