Aurangabad News : नहर निर्माण कंपनी से लेवी मांगने वाला नक्सली गिरफ्तार

Aurangabad News: सात मार्च को नवीनगर थाना क्षेत्र में संवेदक से लेवी की मांगने का मामला, नक्सली पर झारखंड के हुसैनाबाद थाना में उसके खिलाफ दर्ज है मामले

औरंगाबाद ग्रामीण. नवीनगर थाना क्षेत्र में नहर निर्माण कार्य कंपनी के संवेदक से भाकपा माओवादी का पुर्जा सौंपकर संवेदक से लेवी की मांग करने वाले नक्सली को औरंगाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है. वहीं, उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. गिरफ्तार नक्सली की पहचान झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के देउरी गांव निवासी उमेश राम के रूप में हुई है. मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेसवार्ता कर एसपी अंबरीश राहुल ने इसकी जानकारी दी. प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि सात मार्च 2025 को नवीनगर थाना क्षेत्र में नहर निर्माण का कार्य किया जा रहा था. नहर निर्माण का कार्य करा रहे कंपनी के संवेदक के पास लगभग आठ-10 की संख्या में वर्दी पहने हथियारबंद नक्सली वहां पहुंचे और भाकपा माओवादी का पर्ची सौंपकर लेवी की मांग की. इसके बाद नवीनगर थाने में लेवी की मांग करने वाले नक्सलियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एसडीपीओ सदर वन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम को घटना का सफल उद्भेदन व नक्सलियों की गिरफ्तारी तथा हथियारों की बरामदगी की जिम्मेवारी सौंपी गयी थी. औरंगाबाद पुलिस द्वारा नक्सलियों को गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. तकनीकी विश्लेषण किये जाने के बाद इस घटना में शामिल सभी नक्सलियों की पहचान की गयी. इसके बाद पहले ही आठ नक्सलियों को छह हथियार व 18 कारतूस के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. इस कांड में शामिल उमेश राम नामक नक्सली फरार चल रहा था. वह बार-बार पुलिस की चंगुल से फरार हो जाता था. गठित टीम द्वारा लोकेशन ट्रेस किये जाने पर उसका लोकेशन बार-बार झारखंड में बता रहा था. कई बार लोकेशन के आधार पर झारखंड में उसके ठिकाने पर छापेमारी की गयी, लेकिन वह फरार हो जाता था. गठित एसआइटी टीम के अथक प्रयास और सूचना संकलन, ह्यूमन इंटेलिजेंस, तकनीकी अनुसंधान के आधार पर उक्त कांड में फरार चल रहे नक्सली को टंडवा थाना अंतर्गत होने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना के उपरांत काला पहाड़ स्थित एसएसबी टीम से सहायता ली गयी. इसके बाद उसके ठिकानों पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इस नक्सली गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया. उनके पास से हथियार की बरामदगी भी कर ली गयी है. पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि अभी उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. कुछ जानकारी के लिए उसे रिमांड पर लिया जायेगा. ऐसी सूचना प्राप्त हुई है कि नक्सलियों द्वारा कई जगहों पर हथियार छिपा कर रखे गये हैं. हालांकि, उसके निशानदेही पर कई जगहों पर छापेमारी भी की गयी, लेकिन हथियार बरामद नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि नक्सली उमेश राम के खिलाफ झारखंड के हुसैनाबाद थाना में कई कांड अंकित है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINGH_PT

AMIT KUMAR SINGH_PT is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >