दाउदनगर. दाउदनगर बाजार स्थित बाजार चौक में देर रात एक संभावित बड़े हादसे को समय रहते टाल दिया गया, जब फूटवेयर के एक गोदाम की छत पर अचानक आग लग गयी. अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते आग को फैलने से पहले ही बुझा लिया गया. यह घटना रात करीब एक बजे की है. हनुमान मंदिर के समीप स्थित मो मेराजुल हसन के जूता-चप्पल गोदाम के ऊपरी छत पर अचानक आग की लपटें उठने लगीं. गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों की नजर समय रहते इस पर पड़ गयी. उन्होंने बिना देर किये दमकल विभाग को सूचना दी़ सूचना मिलते ही अग्निशमन दल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया. संयुक्त प्रयासों के चलते कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. इस घटना में छत पर रखे कार्टन जलकर राख हो गये, लेकिन आग गोदाम के अंदर तक नहीं पहुंच सकी. यदि आग गोदाम के भीतर फैल जाती, तो भारी नुकसान होने की आशंका थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आसपास के घरों और दुकानों को भी गंभीर क्षति हो सकती थी. यह इलाका घनी आबादी वाला है, जहां संकरी गलियां और सड़कें हैं. ऐसी स्थिति में दमकल वाहनों का पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है, जिससे आग पर काबू पाना और भी मुश्किल हो सकता था. हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक आशंका जतायी जा रही है कि पास में आयोजित बारात के दौरान छोड़े गये पटाखों की चिंगारी से यह घटना हुई हो सकती है. यह घटना एक बार फिर से घनी आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता की जरूरत को उजागर करती है.
Aurangabad News : दाउदनगर बाजार के फुटवेयर गोदाम की छत पर लगी आग, बड़ा हादसा टला
Aurangabad News: अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते आग को फैलने से पहले ही बुझा लिया गया
