रफीगंज.
पौथू थाना क्षेत्र के बराही बाजार के वार्ड नंबर पांच में गुरुवार की अहले सुबह फास्ट फूड दुकान में अचानक आग लग गयी, जिससे उक्त दुकान संचालक को लाखों रुपये का नुकसान हो गया है. चर्चा है कि आग की चपेट में आने से वहां रखा हुआ गैस सिलिंडर भी ब्लास्ट कर गया. हालांकि, इसकी पुख्ता तौर पर जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है. इधर, स्थानीय लोगों ने अगलगी की सूचना अग्निशमन विभाग को दी, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पायी. पीड़ित दुकानदार उपेंद्र यादव ने बताया कि गुरुवार की अहले सुबह उसके दुकान में अचानक आग लग गयी. अगलगी की घटना में दुकान जल गया. कमरे के अंदर रखें काउंटर, चूल्हा तथा कुछ नकद पैसे व बर्तन जलकर नष्ट हो गये. इस घटना में उसे दो लाख से अधिक का नुकसान हुआ है. लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड के प्रधान चालक राधेश्याम राम, अग्निक चालक सुभाष कुमार, रामनाथ कुमार, साहिल आलम, सौरभ कुमार, अमीषा कुमारी, रिटर्न कुमारी, विक्रम सिंह आदि ने आग पर काबू पाया. इस संबंध में थानाध्यक्ष सोमेश्वरनाथ ने बताया कि अहले सुबह आग लगने की सूचना मिली. अग्निशमन द्वारा आग पर काबू पाया गया है. वहीं, एक सिलिंडर ब्लास्ट होने की भी चर्चा है. अगलगी में कितना नुकसान हुआ है, इसकी तहकीकात की जा रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
