Aurangabad News : जिला अतिथि गृह कांड में प्राथमिकी दर्ज, गिरफ्तार आठ आरोपित गये जेल

Aurangabad News: एक पिस्टल, एक दोनाली बंदूक, दो पिस्टल मैग्जिन, 38 कारतूस आदि बरामद

औरंगाबाद कार्यालय. औरंगाबाद शहर स्थित जिला अतिथि गृह में हथियार के बल पर घुसकर हंगामा करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आठों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक पिस्टल, एक दोनाली बंदूक, दो पिस्टल मैग्जिन, 38 कारतूस समेत कई सामान बरामद किया है. ज्ञात हो कि नगर थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि 10 से 15 की संख्या में कुछ लोग चार पहिया वाहनों से जिला अतिथि गृह में घुस आये हैं और हथियार का भय दिखाकर कमरे खुलवा रहे हैं. साथ ही वहां ठहरे गणमान्य लोगों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस को देख कुछ लोग भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर आठ लोगों को दबोच लिया गया. गिरफ्तार आरोपितों की तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस बरामद किया गया. इसके अलावे नौ मोबाइल, एक कैमरा, दो स्कॉर्पियो और 23 हजार 500 रुपये नकद भी जब्त किये गये हैं. वैसे प्राथमिकी जिला अतिथि गृह के टेंडर वेटर व कोच थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव निवासी टुनटुन कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज हुई है. पकड़े गये लोगों में पंजाब के अमृतसर जिले के महिता थाना क्षेत्र के धरदीयू गांव निवासी हरपाल सिंह के पुत्र प्रवीण सिंह, तरदेव गांव के गुरदीप सिंह के पुत्र बलबिंद्र सिंह, मधुबनी जिले के अरेर थाना क्षेत्र के अरेर डिटोल निवासी राजेश झा के पुत्र सुंदरम कुमार झा, सिवान जिले के दौरंदा थाना क्षेत्र के सारंगापुर कोथवा निवासी स्वामीनाथ सिंह के पुत्र मनोरंजन सिंह, पौथुआ गांव निवासी धीरेंद्र सिंह के पुत्र आशीष कुमार, समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के खेतापुर धरमपुर निवासी अशफी सहनी के पुत्र गरीब सहनी, दलसिंह सराय थाना क्षेत्र के मुख्तियापुर गांव निवासी रामकिशुन महतो के पुत्र रंजन कुमार और गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र के बगडीहा निवासी सुरेंद्र सिंह शामिल है.

फरार लोगों की तलाश कर रही पुलिस

प्राथमिकी में गिरफ्तार आठ लोगों के अलावा 14 लोगों को आरोपित बनाया गया है. इनमें अन्य कई लोग फरार हो गये है. फरार आरोपितों में मोकामा थाना क्षेत्र के मोकामा निवासी ब्रहमदेव आनंद पासवान, दरौंदा थाना क्षेत्र के कौथवा सारनपुर निवासी नीतेश द्विवेदी, सिवान के महाराजगंज निवासी राहुल कुमार के पुत्र रितेश कुमार, पीए उर्फ प्रवीण सिंह और गोहना मोऊ के फतेहपुर गोपालपुर निवासी अजीत सिंह के पुत्र आनंद सिंह भी शामिल है. इन सभी की तलाश की जा रही है. इधर, जानकारी मिली कि फरार नितेश द्विवेदी सिवान के महारागंज से विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था.

बिहार-पंजाब कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस

गिरफ्तार आरोपितों में पंजाब, मधुबनी, सिवान, समस्तीपुर और गया के लोग शामिल हैं. बाहरी राज्यों और जिलों से जुड़े आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पूरे मामले के नेटवर्क और उद्देश्य की गहराई से जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि जिला अतिथि गृह में घुसकर हंगामा करने के पीछे कोई संगठित साजिश थी या नहीं.

कई धाराओं में दर्ज है प्राथमिकी

इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 254/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं. बड़ी बात यह है कि घटना ने जिला अतिथि गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिये हैं, जिस पर प्रशासनिक स्तर पर भी मंथन शुरू हो गया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >