हाई टेंशन तार की चपेट में आने से किसान की दर्दनाक मौत, मचा कोहराम

Aurangabad News: औरंगाबाद के विश्रामपुर गांव में खेत देखने गए 33 वर्षीय किसान की हाई टेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई. परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की है.

Aurangabad News (मनीष राज सिंघम की रिपोर्ट):
नवीनगर प्रखंड के माली थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव स्थित बधार की ओर खेत देखने जाने के दौरान हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक 33 वर्षीय युवा किसान की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक किसान की पहचान विश्रामपुर गांव निवासी रामनंदन मेहता के पुत्र विश्वनाथ कुमार मेहता के रूप में हुई है.

पहले से ही हाई टेंशन तार टूटकर गिरा हुआ था

सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि विश्वनाथ अपने घर से पैदल बधार की ओर खेत देखने गए थे. बधार में पहले से ही हाई टेंशन तार टूटकर गिरा हुआ था, जिसे विश्वनाथ देख नहीं सके. हाई टेंशन तार में पहले से ही तेज करंट दौड़ रहा था, तभी अचानक वे उसकी चपेट में आ गए. हाई टेंशन तार की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही विश्वनाथ की दर्दनाक मौत हो गई.

काफी देर तक विश्वनाथ मृत अवस्था में ही बधार में पड़े रहे। जब आसपास के किसान बधार में खेतों में काम करने गए तो उन्होंने देखा कि विश्वनाथ तार की चपेट में आकर मृत पड़े हुए हैं. इसके बाद शोरगुल मचाया गया. शोरगुल की आवाज सुनकर परिजन व ग्रामीण पहुंचे और किसी तरह हाई टेंशन तार से हटाकर विश्वनाथ को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया.

परिजनों में मातम का माहौल

मौत की खबर सुनते ही परिजन शव से लिपटकर चीत्कार उठे. परिजनों की चीत्कार से सदर अस्पताल का कोना-कोना दहल उठा. इसके बाद घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई. सूचना पर नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और परिजनों से जरूरी पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया.

परिजनों ने बताया कि मृत किसान विश्वनाथ कुमार मेहता के दो बेटियां और एक बेटा है. उनकी मौत के बाद तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया.

थानाध्यक्ष ने क्या बताया?

माली थानाध्यक्ष ने बताया कि बिजली करंट की चपेट में आने से किसान की मौत की जानकारी मिली है. नगर थाना पुलिस द्वारा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. परिजनों द्वारा आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

बैरिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि उपेंद्र कुमार मेहता ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही से किसान विश्वनाथ कुमार की मौत हुई है. एक दिन पहले औरंगाबाद जिले में तेज आंधी-तूफान आया था, उस दौरान नवीनगर प्रखंड में वज्रपात की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी. आंधी में कई ग्रामीण इलाकों में तार टूटकर गिर गया था.

बिजली कर्मी ग्रामीण इलाकों में जांच-पड़ताल करने नहीं गए

उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के कर्मियों द्वारा हमेशा लापरवाही बरती जाती है. आंधी आने के बाद भी बिजली कर्मी ग्रामीण इलाकों में जांच-पड़ताल करने नहीं गए कि किस इलाके में तार टूटकर गिरा हुआ है. यदि समय पर जांच होती तो शायद किसान विश्वनाथ की जान बच सकती थी. उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द मुआवजा देने की मांग की है.

Also Read: बक्सर के डुमरांव अस्पताल में महिलाओं को बांटी गई एक्सपायरी सामान, जांच के आदेश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >