छह नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति चुनाव शुरू, कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान

Aurangabad News: छह नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति चुनाव शुरू, दोपहर तक परिणाम आने की संभावना, कई जगह मुकाबला रोचक

Aurangabad News: (ओम प्रकाश) औरंगाबाद जिले के छह नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति सदस्य पद के लिए रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई. सभी चुनाव स्थलों पर प्रशासन की ओर से दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि निर्वाचन शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके.

सुबह आठ बजे से मतदान एवं निर्वाचन की प्रक्रिया आरंभ होने के साथ ही नगर निकायों में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई. संभावित परिणामों को लेकर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की नजरें मतदान प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं.

जिला प्रशासन ने की व्यापक तैयारी

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर सभी छह नगर निकायों के लिए अलग-अलग निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार औरंगाबाद नगर परिषद में पांच पदों के लिए चुनाव कराया जा रहा है, जबकि दाउदनगर नगर परिषद, नवीनगर, रफीगंज, देव और बारुण नगर पंचायतों में तीन-तीन पदों के लिए मतदान हो रहा है.

अलग-अलग स्थानों पर हो रहा चुनाव

औरंगाबाद नगर परिषद के पांच पदों के लिए जिला योजना भवन में चुनाव कराया जा रहा है, जहां सदर एसडीओ संतन कुमार सिंह को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है.

दाउदनगर नगर परिषद के लिए अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में मतदान हो रहा है, जिसकी जिम्मेदारी एसडीओ अमित राजन को सौंपी गई है.

वहीं रफीगंज नगर पंचायत का चुनाव प्रखंड कार्यालय सभागार में कराया जा रहा है, जहां दाउदनगर डीसीएलआर प्रणव कुमार निर्वाची पदाधिकारी हैं.

नवीनगर नगर पंचायत के लिए भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्वेतांक लाल, देव नगर पंचायत के लिए वरीय उप समाहर्ता श्वेता प्रियदर्शी तथा बारुण नगर पंचायत के लिए वरीय उप समाहर्ता रितेश कुमार यादव को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है.

पहचान जांच के बाद मिला प्रवेश

चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले संबंधित नगर निकायों के वार्ड पार्षद अपने निर्वाचन प्रमाण-पत्र के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचे. पहचान एवं दस्तावेजों की गहन जांच के बाद ही उन्हें निर्वाचन कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई.

कई दिनों से चल रही थी राजनीतिक हलचल

सशक्त स्थायी समिति सदस्य पद के चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से सभी नगर निकायों में राजनीतिक गतिविधियां तेज थीं. संभावित उम्मीदवार अपने पक्ष में बहुमत सुनिश्चित करने के लिए लगातार वार्ड पार्षदों से संपर्क साध रहे थे.

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कई निकायों में मुकाबला काफी कांटे का है, जबकि कुछ जगहों पर त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति भी बनती दिख रही है.

दोपहर तक आ सकते हैं नतीजे

अब सभी की निगाहें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार रविवार दोपहर तक सभी नगर निकायों के परिणाम घोषित होने की संभावना है. नतीजों के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि किस नगर निकाय में किस गुट को बढ़त मिली और कहां मुकाबला सबसे अधिक रोचक रहा.

Also Read: गया के 15 केंद्रों पर आज बीसीईसीई-2026 प्रवेश परीक्षा, 7400 से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >