Aurangabad News : दाउदनगर बाजार में सड़क पर उड़ रहे धूल

Aurangabad News: व्यवसाय हो रहा प्रभावित, व्यवसायियों खुद से कर रहे पानी का छिड़काव

दाउदनगर. लगभग छह-सात महीने से दाउदनगर शहर के मुख्य बाजार में पीसीसी रोड और नाले निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हुआ है. लखन मोड़ स्थित मध्य विद्यालय संख्या दो के पास से लेकर चर्च गेट तक योजना को कई भागों में बांट कर पीसीसी रोड और नाला बनाया जा रहा है. नाला निर्माण का कार्य अब भी एसबीआइ के आस-पास चल रहा है. हालांकि, अन्य हिस्सों में नाला निर्माण का कार्य लगभग समाप्त हो चुका है. जहां तक पीसीसी रोड निर्माण की बात है, तो बजाजा रोड के कोना से लेकर नगरपालिका मार्केट तक एवं मगध होटल के पास से लेकर क्यूम आजाद के घर तक पीसीसी रोड बना है. बीच में नगरपालिका मार्केट से लेकर श्रीराम मंदिर तक एवं लखन मोड़ से लेकर चावल बाजार होते हुए बजाजा रोड के कोना तक व क्यूम आजाद के घर से लेकर चर्च गेट तक पीसीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया है. लग्न के समय में भी कार्य चालू रहने से बाजार में भीड़ -भाड़ और चहल-पहल तो बढ़ी हुई है ही, साथ ही जाम की स्थिति भी देखने को मिल रही है. वहीं, दूसरी तरफ सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं होने के कारण उड़ रहे धूल कण से आम लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है. चल रहे निर्माण कार्य के कारण निर्माण सामग्रियां भी सड़क पर गिरी हुई है.

स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा प्रतिकूल असर

अभी मूल समस्या यह है कि गर्मी में सड़क पर काफी मात्रा में धूल कण बिखरे हुए हैं. स्थिति अस्त-व्यस्त है. हालांकि, नगर पर्षद के सफाई कर्मियों द्वारा सड़क पर झाड़ू तो लगाया जाता है, लेकिन लोगों का कहना है कि नगर पर्षद द्वारा मुख्य बाजार की सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है. इसके कारण धूल कण उड़ते रहते हैं. कई दुकानदारों ने बताया कि धूल कण उड़ते हुए उनके दुकानों और घरों तक आ जा रहे हैं. इसका स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. मंगलवार को एक-दो दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों के सामने पानी का छिड़काव करते दिखे. इन दुकानदारों ने कहा कि सड़क पर बिखरे धूल उड़ते रहते हैं. इससे लोगों को काफी परेशानी उत्पन्न होती है. राहगीरों से लेकर ग्राहकों एवं दुकानदारों व वाहन चालकों तक को परेशानी झेलनी पड़ रही है. नगर पर्षद में पानी का टैंकर होने के बावजूद पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है. यहां तक कि जिन संवेदकों द्वारा कार्य कराया जा रहा है, उनके द्वारा भी पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है और परेशानी आम जनता को झेलनी पड़ रही है. स्थानीय व्यवसायी एवं जदयू के प्रखंड प्रवक्ता पप्पू गुप्ता ने बताया कि कुछ दिन पहले तक दिन भर में एक बार पानी का छिड़काव होते देखा गया था, लेकिन इधर कई दिनों से पानी का छिड़काव नहीं हो रहा है. अगर पानी का छिड़काव भी होना चाहिए तो नियमित तौर पर प्रतिदिन तीन-चार बार होना चाहिए.एकाध बार करके छोड़ दिया जाना नहीं चाहिए. कुछ दुकानदार और गृहस्वामी तो अपने-अपने दुकानों और घरों के सामने पानी का छिड़काव कर देते हैं, लेकिन इसके लिए आम लोगों को भी जागरूक होना होगा और नगर पर्षद को भी तत्परतापूर्वक इस ओर ध्यान देना होगा.

क्या कहते हैं इओ

इस संबंध में इओ ऋषिकेश अवस्थी ने बताया कि नगर पर्षद में एक ही टैंकर है. लगन के कारण टैंकर का चालक छुट्टी पर चला गया है. दो-तीन दिनों से पानी छिड़काव नहीं हुआ है. छुट्टी से लौटते ही पानी का छिड़काव शुरू करा दिया जायेगा. दो और टैंकर खरीदने की तैयारी चल रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >