रफीगंज.
रफीगंज थाना क्षेत्र के सिंघी बुजुर्ग गांव में 11 माह पहले शादी करने वाले पति-पत्नी (दंपति) द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. मृतकों में पिंटू कुमार और उसकी पत्नी शीला देवी शामिल है. रविवार की सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी. रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार दलबल के साथ सिंघी बुजुर्ग गांव पहुंचे और मामले की छानबीन करते हुए औरंगाबाद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है. जानकारी मिली है कि हालत गंभीर होने के बाद दंपति को स्थानीय अस्पताल में इलाज के बाद रेफर किया गया था, लेकिन कुछ ही क्षण बाद उनकी मौत हो गयी. घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच का विवाद बताया जा रहा है. काफी दिनों से दोनों की अनबन चल रही थी. बात-बात में दोनों के बीच मारपीट भी हो रही थी. मृतक की मां उर्मिला देवी ने बताया कि 11 माह पहले बेटा पिंटू कुमार की शादी शीला देवी के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही दोनों पति-पत्नी हरियाणा में रहते थे. पिंटू वहां मजदूरी करता था. 13 फरवरी को हरियाणा से घर आये और 14 फरवरी को ही वापस जाने के लिए तैयार हो गये. जब उसे कहा गया कि उसके चचेरे भाई संतन कुमार और चचेरी बहन कुसुम कुमारी की शादी है. इसके बाद चले जाना. इस पर पिंटू ने कहा कि वह अलग खाना बनायेगा. पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद था. तब से दोनों का खाना अलग बनने लगे. 14 फरवरी को ही मां के साथ बर्तन एवं चावल दाल आदि लिया. 14 फरवरी की शाम व 15 फरवरी की सुबह को शीला देवी ने खाना बनाया और दोनों ने खाना भी खाया. 15 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे किसी बात को लेकर दोनों आपस में झगड़ गये. दोनों को झगड़ा करने से मना किया, जिसके बाद दोनों शांत हो गये. 15 फरवरी शाम को अपने कमरे में दोनों गये और दोनों ही उल्टी करने लगे. पिंटू उल्टी करते हुए अपने कमरे से बाहर निकाला, जिसके बाद अन्य लोगों को जानकारी दी कि दोनों ने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया है. आनन-फानन में दोनों को रफीगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के बाद उन्हें रेफर कर दिया. इसी क्रम में शीला देवी की मौत हो गयी. गया के एक निजी अस्पताल में पिंटू को भर्ती कराया गया, जहां उसकी भी मौत हो गयी. अंतत: परिजन दोनों शव को लेकर घर आ गये और पुलिस को सूचनाा दी. इधर, थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि दोनों पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है. घटनास्थल पर एफएसएल की टीम ने जांच की है. घटना के कारणों की छानबीन की जा रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
