(दाउदनगर से ओम प्रकाश की रिपोर्ट)
Aurangabad News: आम नागरिकों की समस्याओं एवं जन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए सहयोग शिविर का दायरा अब नगर निकाय क्षेत्रों तक बढ़ा दिया गया है. अब तक यह शिविर पंचायत स्तर पर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित किए जाते थे, लेकिन अब इसी व्यवस्था को नगर निकायों में भी लागू किया जा रहा है. इसकी शुरुआत मंगलवार से नगर परिषद दाउदनगर क्षेत्र के पांच वार्डों में होने जा रही है.
अंतिम चरण में तैयारी, व्यापक प्रचार-प्रसार
नगर परिषद प्रशासन द्वारा इसकी तैयारी अंतिम चरण में पूरी कर ली गई है. साथ ही व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकें.
पांच वार्डों में मंगलवार को लगेगा शिविर
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी ने बताया कि 2 जून को वार्ड संख्या 1 एवं 9 के लिए काली स्थान स्थित भूतनाथ मंदिर के पास दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा. वहीं वार्ड संख्या 2 के लिए हाता मध्य विद्यालय में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक शिविर लगेगा.
इसी प्रकार वार्ड संख्या 3 के लिए बालूगंज मध्य विद्यालय में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक तथा वार्ड संख्या 4 के लिए ठाकुर मध्य विद्यालय में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक शिविर का आयोजन किया जाएगा.
सभी 27 वार्डों के लिए तैयार हुआ रोस्टर
ईओ ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी 27 वार्डों में सहयोग शिविर आयोजित करने के लिए विस्तृत रोस्टर तैयार कर लिया गया है.
16 जून को वार्ड संख्या 5 के लिए सामुदायिक भवन, वार्ड संख्या 6 के लिए मदरसा इस्लामिया, वार्ड संख्या 7 के लिए कादरी मध्य विद्यालय तथा वार्ड संख्या 8 के लिए सामुदायिक भवन में शिविर आयोजित होगा.
7 जुलाई को वार्ड संख्या 10 के लिए मध्य विद्यालय पटना का फाटक, वार्ड संख्या 11, 23 एवं 24 के लिए दुर्गा स्थान चूड़ी बाजार तथा वार्ड संख्या 12 एवं 13 के लिए नगर परिषद कार्यालय के सभा कक्ष में शिविर लगाया जाएगा.
21 जुलाई को वार्ड संख्या 14 एवं 15 के लिए नगर परिषद कार्यालय सभा कक्ष, वार्ड संख्या 16 के लिए बुद्धु बिगहा सरकारी विद्यालय के पास तथा वार्ड संख्या 17 एवं 19 के लिए नारायण लॉज, बम रोड में शिविर आयोजित होगा.
इसी क्रम में 4 अगस्त को वार्ड संख्या 18 के लिए केशव बाबू की गली, वार्ड संख्या 20 के लिए इमली तल, वार्ड संख्या 21 के लिए स्टेट बैंक के सामने गली के पास तथा वार्ड संख्या 22 एवं 25 के लिए सूर्य मंदिर परिसर में शिविर लगाया जाएगा.
वहीं 1 सितंबर को वार्ड संख्या 26 के लिए प्राथमिक विद्यालय पटेल नगर तथा वार्ड संख्या 27 के लिए गौघाट शीतल बिगहा में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा.
जनप्रतिनिधियों को भेजी गई रोस्टर की प्रति
नगर परिषद प्रशासन द्वारा तैयार रोस्टर की प्रतिलिपि काराकाट सांसद, ओबरा विधायक, मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद एवं सभी वार्ड पार्षदों को भेज दी गई है. प्रशासन ने लोगों से निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने वार्ड के शिविर में पहुंचकर इस जनकल्याणकारी पहल का लाभ उठाने की अपील की है.
कार्यालयों के चक्कर से मिलेगी राहत
कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी ने कहा कि सरकार की यह पहल नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निवारण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले इन सहयोग शिविरों के माध्यम से लोगों को अपनी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि उनके वार्ड में ही संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में समस्याओं का निपटारा किया जाएगा.
Also Read : शिवराजपुर हत्याकांड: नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सक्रिय
