Aurangabad News : कुछ समय पहले हुई थी मारपीट, बदला लेने के लिए मासूम को मार डाला

Aurangabad News:खेलते सूरज को बहला-फुसला कर बगीचे में ले गया और रेत दिया गला, बोरे में भरकर नदी किनारे झाड़ियों में फेंका शव, आरोपित गिरफ्तार

औरंगाबाद ग्रामीण. मदनपुर प्रखंड के सलैया थाना क्षेत्र स्थित राजा गरडीह गांव के 11 वर्षीय बच्चे सूरज कुमार सोमवार को खेलने के दौरान अचानक लापता हो गया. इस बीच, जानकारी मिली कि वह गांव के ही कुछ लोगों के साथ बगीचे की ओर गया है. इससे परिजनों को कोई संदेह नहीं हुआ. शाम ढलने तक जब सूरज घर नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गयी. आसपास खोजबीन शुरू की गयी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. गांव में पूछताछ करने पर ग्रामीणों ने बताया कि सूरज को आखिरी बार गांव के ही गोविंद दास के 25 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के साथ बगीचे की ओर जाते देखा गया था. जब परिजनों ने उससे पूछताछ की, तो उसने अनभिज्ञता जाहिर की और किसी भी तरह की जानकारी से इन्कार किया. संदेह गहराने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना सलैया थाने की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सोनू को हिरासत में लेकर थाना ले गयी. प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपित लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा और किसी भी प्रकार की संलिप्तता से इनकार करता रहा. हालांकि, पुलिस की सख्ती और गहन पूछताछ के बाद करीब 10 घंटे बाद मंगलवार की अहले सुबह लगभग 4:30 बजे उसने अपना अपराध कबूल कर लिया.

बदले की भावना से दिया घटना का अंजाम

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि पहले जमीन विवाद को लेकर सूरज के परिजनों और उसके परिवार के बीच मारपीट हुई थी. इसी पुरानी रंजिश को लेकर उसने बदला लेने की ठान ली थी. सोमवार को उसने मासूम सूरज को बहला-फुसलाकर बगीचे की ओर ले गया और सुनसान जगह पर गला रेतकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को बोरे में भरकर गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पूरब दिशा की ओर मदार नदी के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया. आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने मंगलवार की सुबह मदार नदी के पास झाड़ियों से बोरे में बंद सूरज का शव बरामद किया. शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया. मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गये. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इधर, घटना के बाद से सूरज के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सूरज के पिता मंटू दास रोजी-रोटी के सिलसिले में दूसरे प्रदेश में मजदूरी करते हैं. घटना की जानकारी मिलते ही वह बदहवास हालत में गांव के लिए रवाना हो गये. मां सरिता देवी गहरे सदमे में हैं और बार-बार रोते हुए बेहोश हो जा रही थी. गांव में शोक की लहर है. हर आंख नम है और लोग इस नृशंस घटना से स्तब्ध हैं. परिजनों ने बताया कि सूरज दो भाइयों में बड़ा था. उसकी दो बहनें भी हैं. बड़ी बात यह है कि घटना से एक बार फिर समाज में बढ़ती आपराधिक मानसिकता और मासूमों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गये है. पहले की रंजिश का बदला एक निर्दोष बच्चे से लेना न सिर्फ अमानवीय है, बल्कि कानून और समाज दोनों के लिए चुनौती भी है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जायेगी.

क्या कहा थानाध्यक्ष ने

सलैया थानाध्यक्ष कन्हैया शर्मा ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है. इस मामले में सोनू के अलावा अन्य किसी की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है. पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >