मदनपुर. प्रखंड क्षेत्र के पूर्णाडीह गांव के समीप बुधवार की रात एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के हसनवर गांव निवासी सत्येंद्र यादव तथा नावाडीह गांव निवासी शिवध्यान कुमार के रूप में की गई है.
अचानक भैंस आने से बिगड़ा संतुलन
मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से मदनपुर जा रहे थे, तभी अचानक सड़क पर एक भैंस आ गई. भैंस को बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में दोनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मदनपुर पहुंचाया. वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया.
स्थिति खतरे से बाहर
चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
