औरंगाबाद : मदनपुर के चमौथा गांव में बारिश का कहर, भरभराकर गिरा कच्चा मकान, परिवार बाल-बाल बचा

औरंगाबाद के मदनपुर प्रखंड में मूसलाधार बारिश के कारण चमौथा गांव में एक कच्चा मकान गिर गया. घटना के समय परिवार घर में था, लेकिन वे सुरक्षित बाहर निकल गए. हालांकि, गृहस्थी का सारा सामान बर्बाद हो गया.

मदनपुर प्रखंड के वार पंचायत अंतर्गत चमौथा गांव में लगातार हो रही बारिश के कारण मंगलवार देर रात एक कच्चा खपरैल मकान भरभराकर गिर गया. यह मकान रामरूप चौधरी का था. घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन समय रहते बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया. हालांकि मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया.

मकान गिरने से गृहस्थी का सामान हुआ बर्बाद

जानकारी के अनुसार, कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं. देर रात अचानक मकान ढह गया, जिससे घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है.

खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर परिवार

मकान गिरने के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है. ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में कच्चे मकानों के गिरने की घटनाएं हर वर्ष सामने आती हैं, लेकिन समय रहते सुरक्षा और मरम्मत की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जाते.

ग्रामीणों ने प्रशासन से की राहत की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. उनका कहना है कि परिवार की स्थिति बेहद दयनीय है और जल्द सहायता नहीं मिलने पर परेशानी और बढ़ सकती है.

प्रशासन को दी गई घटना की सूचना

घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है. प्रशासन की ओर से जल्द मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की उम्मीद जताई जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >