औरंगाबाद में 15 अगस्त की तैयारी तेज, गांधी मैदान में 8 अगस्त से परेड का पूर्वाभ्यास

औरंगाबाद में स्वतंत्रता दिवस मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार, 8 अगस्त से गांधी मैदान में परेड का पूर्वाभ्यास शुरू होगा. सुरक्षा, यातायात और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

औरंगाबाद में स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर समाहरणालय सभाकक्ष में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में गांधी मैदान में होने वाले मुख्य समारोह समेत सभी कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई. संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया.

8 अगस्त से शुरू होगा परेड का पूर्वाभ्यास

बैठक में बताया गया कि गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह की परेड में बिहार पुलिस, बीएमपी/एसएएफ, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियां भाग लेंगी. परेड का पूर्वाभ्यास 8 अगस्त से गांधी मैदान में शुरू होगा. अधिकारियों को पूर्वाभ्यास के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए.

गांधी मैदान और आसपास की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

नगर परिषद और भवन प्रमंडल को गांधी मैदान की साफ-सफाई, समतलीकरण और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है. समाहरणालय मुख्य द्वार से गांधी मैदान तक सड़क के दोनों ओर मोरम और चुना डलवाने, मंच की रंगाई एवं मरम्मत कराने तथा आवश्यक बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. वहीं नगर परिषद को सदर प्रखंड कार्यालय से अदरी नदी पुल तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को कहा गया है.

सुरक्षा, यातायात और अन्य सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस

अपर समाहर्ता ने राष्ट्रीय ध्वज स्थापना, मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, अतिथियों के प्रवेश एवं निकास, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और चिकित्सा सुविधा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि समारोह की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करे.

अधिकारियों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारी

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए अपर समाहर्ता, औरंगाबाद को वरीय प्रभारी नामित किया गया है. वहीं अनुमंडल पदाधिकारी सदर और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को समारोह के दौरान विधि-व्यवस्था एवं समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई. बैठक में उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित, अपर समाहर्ता (विशेष शाखा) मो. सादुल हसन खां, जिला पंचायत राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, अनुमंडल पदाधिकारी सदर गौरव सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sudhir kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >