Aurangabad News: औरंगाबाद के नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र के बस स्टैंड पुरानी पीएनबी बैंक के पास बस के छत से सामान उतार रहे एक 25 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई. मृतक की पहचान भवानोखाप गांव निवासी विश्वनाथ राम के पुत्र जितेंद्र राम के रूप में की गई है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया. बड़ी बात यह है कि जैसे ही जितेंद्र की मौत की खबर गांव में उसकी पत्नी को मिली वैसे ही पत्नी ने भी फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की. लेकिन गांव के कुछ लोगों की नजर मृतक की पत्नी पर पड़ी तो आनन – फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है.
11 दिन पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, इसी माह 20 अप्रैल को रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव निवासी लल्लू राम की बेटी सुनीता से जितेंद्र की शादी हुई थी. शादी के महज 11 दिन में ही पति की मौत हो गई.
बस के छत के ऊपर से गुजरी थी बिजली की तार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जितेंद्र राम नवीनगर से पटना जाने वाली मंटु बस की छत पर चढ़कर सामान उतार रहा था. इसी दौरान बस के ऊपर से गुजर रही बिजली की तार की चपेट में वह आ गया. तेज करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
लोगों ने मृतक के शव को लेकर किया सड़क जाम
घटना की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे और शव देखते ही परिवार के लोगों में चीख पुकार मच गई. देखते ही देखते घटना स्थल पर बड़ी संख्या में गांव के लोगों का जमावड़ा लग गया. आक्रोशित लोगों ने मजदूर जितेंद्र राम के शव को सड़क पर रखकर रास्ते को जाम कर दिया.लोगों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के गुस्से के आगे मूकदर्शक बनी रही. लोग मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन करते रहे. खबर लिखे जाने तक सड़क पर लोगों का आक्रोश जारी था और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी. वहीं पुलिस लोगों को समझाने की कोशिश कर रही है.
Also Read: शादी में आयी आर्केस्ट्रा डांसर के साथ सामूहिक दुष्कर्म, तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
