खरीदारी करने बाजार जा रही महिला को अनियंत्रित डंपर ने कुचला, गयी जान

दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय स्थित भखरुआं-गया रोड में अनियंत्रित डंपर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी

दाउदनगर. दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय स्थित भखरुआं-गया रोड में अनियंत्रित डंपर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी. घटना मंगलवार की दोपहर की है. मृतका की पहचान हसपुरा थाना क्षेत्र के तिलकपुरा निवासी 59 वर्षीया शकुंतला देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति सिद्धनाथ सिंह के साथ खरीदारी करने दाउदनगर बाजार आयी थी. उसकी नतिनी का तिलक जाने वाला था, उसी की तैयारी के सिलसिले में दंपती खरीदारी करने दाउदनगर बाजार आ रहे थे. भखरुआं-गया रोड में तेज व अनियंत्रित गति से गया रोड की ओर से आ रहे एक डंपर ने धक्का मार दिया. महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. महिला के पति भारतीय सेना से सेवानिवृत्त बताये जाते हैं. दुर्घटना का अंजाम देने के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग निकला. सड़क दुर्घटना में महिला की मौत के बाद काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ गयी. मृतका के परिजनों की सूचना दी गयी. परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल था. ढांढ़स बंधाने वाले लोगों की आंखें भी दुख से भर जा रही थी. घटना की सूचना मिलते ही दाउदनगर के अपर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, बीडीओ मो जफर इमाम, सब इंस्पेक्टर मदन कुमार, पीएसआइ अभिषेक कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. अपर, थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले डंपर को जब्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. सोनहथु पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता अजय कुशवाहा एवं निर्भय पासवान ने घटनास्थल पर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढाढ़स बंधाया.

मुख्य सड़क हो गया है संकीर्ण

जिस स्थान पर डंपर वाहन की चपेट में आकर महिला की मौत हुई है, वह एनएच 120 स्थित दाउदनगर-गोह-गया मुख्य पथ है. लोगों का कहना है कि इस सड़क पर अस्थायी अतिक्रमण की समस्या बनी रहती है. यही नहीं, बल्कि अनुमंडल मुख्यालय में बस स्टैंड एवं ऑटो स्टैंड के नहीं रहने के कारण सड़क पर ही यात्री व ऑटो लगाये जाते हैं. दाउदनगर से गोह, गया, हसपुरा की ओर आवागमन करने वाले बस यात्री बस और ऑटो सड़क पर ही लगाये जाते हैं. इसके कारण यह मुख्य सड़क अपने चौड़ाई के अनुरूप खाली नहीं रह पाता. यही नहीं, बल्कि सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ पर बालू व धूलकण भी फैल गये हैं. पैदल व बाइक से चलने वाले लोगों के लिए फुटपाथ तक नहीं बचता. दूसरी ओर वाहनों की गति पर कोई अंकुश नहीं दिखता, जो दुर्घटना का कारण बनते दिख रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >