47 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई मैट्रिक की परीक्षा
औरंगाबाद (नगर) : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देश पर गुरुवार से जिले के 47 परीक्षा केंद्रों पर मैट्रिक की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से प्रारंभ हुई. परीक्षा को कदाचार मुक्त करने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गयी है. साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
बीच-बीच में वरीय अधिकारी परीक्षा केंद्रों की जांच करते रहे. परीक्षा के पहले दिन किसी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. परीक्षा के पहले दिन ही कदाचार करने के आरोप में जिला मुख्यालय के लार्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र से एक छात्र को जिला शिक्षा पदाधिकारी राम प्रवेश सिंह ने निष्कासित कर दिया. वहीं, दाउदनगर महिला कॉलेज से एक छात्र, अशोक इंटर विद्यालय से एसडीओ ओम प्रकाश मंडल ने कदाचार करने के आरोप में तीन परीक्षार्थियों को पकड़ कर परीक्षा से निष्कासित कर दिया. जिला मुख्यालय के विभिन्न परीक्षा केंद्रों से छह अभिभावकों को कदाचार कराने के आरोप में अनुमंडल पदाधिकारी भीम प्रसाद व एसडीपीओ अजय नारायण यादव ने पकड़ा. जबकि, दाउदनगर कन्या मध्य विद्यालय पर नकल करा रहे एक अभिभावक को पुलिस ने पकड़ा.
