ठंड व कोहरे का सितम जारी सामान्य जनजीवन प्रभावित

सड़कों पर भी कम दिख रही आवाजाही औरंगाबाद सदर : शाम होते ही सर्दी और रात होते ही कोहरे का कहर गहरा जा रहा है. जनवरी माह का प्रथम सप्ताह अब तक कड़ी ठंड में बीता है. दिन में चटक धूप, तो शाम में तेज सर्दी का अहसास लोगों को हिला कर रख दिया है. […]

सड़कों पर भी कम दिख रही आवाजाही
औरंगाबाद सदर : शाम होते ही सर्दी और रात होते ही कोहरे का कहर गहरा जा रहा है. जनवरी माह का प्रथम सप्ताह अब तक कड़ी ठंड में बीता है. दिन में चटक धूप, तो शाम में तेज सर्दी का अहसास लोगों को हिला कर रख दिया है. शुक्रवार को आंख खुलते ही लोगों को सीधे कोहरे के दर्शन हुए. दोपहर कब निकल गयी, इस कोहरे में लोगों को पता भी नहीं चला. लगभग एक बजे दोपहर में हल्की धूप निकलने से धीरे-धीरे कोहरा छंटा और आम जीवन सामान्य हो पाया.
ठंड के कारण शुक्रवार को लोगों के कार्यस्थल काफी प्रभावित रहे. समाहरणालय में पहुंचनेवाले कर्मी सुबह 10 बजे के बजाय 11 बजे पहुंचे तो अन्य सरकारी दफ्तरो में भी सरकारी कर्मी ठंड के कारण ड्यूटी पर देर से आये. वहीं, सड़कों पर परिचालन भी सुबह छह बजे से 10 बजे तक सुस्त दिखा. मौसम के जानकारों ने बताया कि शुक्रवार को पारा अधिकतम 22 डिग्री और न्यूतम 12 डिग्री रहा. इसके अलावे जगह-जगह लोग देर से दुकान खोलने के बाद अलाव जला कर तापते नजर आये. शुक्रवार को ठंड और कोहरा दोनों रहने के कारण सुबह कोचिंग व स्कूल जानेवाले छात्र-छात्राओं को बहुत परेशानी हुई. पूरे दिन कोहरे व तेज शीतलहर से लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही है.
निर्माण कार्य पर दिख रहा ठंड का असर
नोटबंदी की मार के बाद इधर, तेज ठंड की मार भी मजदूरों पर पड़ी है. पहले जहां खुदरा रुपये उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को काम नहीं मिल रहा था. अब धीरे-धीरे नोटबंदी के बाद स्थिति सामान्य हो रही है, तो मजदूरों पर ठंड का असर पड़ने लगा है. सुबह शहर के जामा मसजिद पर काम के लिये इकट्ठा होनेवाले मजदूर नहीं पहुंच पा रहे हैं. शुक्रवार को तेज ठंड व कोहरे के कारण जामा मसजिद के समीप मजदूरों की संख्या काफी कम देखी गयी. जहां पहले 400 से 500 मजदूर मसजिद पर इकट्ठा हुआ करते थे, वहीं शुक्रवार को ठंड के कारण इसकी आधी संख्या भी नहीं दिखी.
रेल ट्रैफिक पर भी असर, रुक-रुक कर चल रहीं ट्रेनें
ठंड ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं ठंड के साथ बढ़ते कोहरे ने यातायात को भी प्रभावित कर दिया है. कोहरे ने बस व ट्रेन दोनों की गति पर लगाम लगा दिया है, जिसके कारण समय पर रहनेवाली ट्रेनें रूक -रूक कर चल रही हैं. स्टेशन मास्टर ने बताया कि कोहरे के कारण अनुग्रह नारायण रेलवे स्टेशन पर समय पर रहनेवाली ट्रेन भी करीब सात से आठ घंटे लेट पहुंची. कहा जा सकता है कि इस तेज ठंड के सितम से हर खास ओ आम सभी परेशान हैं और ठंड से कंपकंपा रहे हैं. ऐसे में ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है. जब तक मौसम सामान्य नहीं होगा, ट्रेनों का परिचालन समय पर होना मुश्किल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >