रफ्तार का कहर: जमुआ गांव के पास पेड़ से जा भिड़ी बाइक, बुझ गया घर का चिराग

माली थाना क्षेत्र की सोनौरा पंचायत में एक हृदय विदारक सड़क हादसा

तेज रफ्तार बनी काल.

देव रोड के बाद अब चरण रोड पर हुआ बड़ा हादसा

रेंगनिया मंझौली निवासी टुनटुन यादव की मौत से परिजनों में मचा कोहराम

फोटो नंबर-5-मृतक के घर के समीप ग्रामीणों की भीड़

प्रतिनिधि, औरंगाबाद कार्यालय

माली थाना क्षेत्र की सोनौरा पंचायत में एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया. रेंगनिया मंझौली गांव निवासी ललन यादव के पुत्र टुनटुन यादव की एक भीषण दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गयी. घटना चरण रोड पर जमुआ गांव के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार के कारण युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकरायी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक काफी तेज गति से बाइक चला रहा था. इसी दौरान उसने संतुलन खो दिया और बाइक सीधे पेड़ से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन, तब तक युवक के प्राण पखेरू उड़ चुके थे. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को इसकी सूचना दी. खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे. बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया. माता-पिता और अन्य संबंधियों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया. जैसे ही यह खबर गांव में फैली, हर घर में शोक की लहर दौड़ गयी. लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने के लिए जुटने लगे.

सूचना पर पहुंची पुलिस:

इधर, सूचना मिलने पर माली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटायी. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना प्रतीत हो रहा है.

वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने की अपील

स घटना पर शोक व्यक्त करते हुए पैक्स अध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि यह दुर्घटना पूरे पंचायत के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने युवाओं और ग्रामीणों से अपील की कि सड़क पर वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें और तेज रफ्तार से बचें. फिलहाल रेंगनिया मंझौली गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है. ग्रामीण यही चर्चा कर रहे हैं कि यदि थोड़ी सतर्कता बरती जाती, तो एक मासूम जिंदगी बचायी जा सकती थी.

कुछ पहले इसी तरह की हुई थी घटना

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही देव रोड में भी इसी तरह की घटना हुई थी. उस समय भी बाइक सवार तीन युवक तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना का शिकार हुए थे, जिसमें दो युवकों की मौत हो गयी थी. लगातार हो रहे इन हादसों ने पुलिस और प्रशासन के लिए चिंता बढ़ा दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >