कहीं हरिकीर्तन, तो कहीं डीजे संग थिरके लोग

उमंग. नये साल के आगमन पर गुलजार रहे पिकनिक स्पाॅट, होटल व रेस्तरां में युवाओं ने मनाया जश्न औरंगाबाद शहर : नया वर्ष 2017 के स्वागत के उपलक्ष्य में औरंगाबाद जिले में जम कर जश्न मनाया गया. जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंडों तक नववर्ष की धूम रही. कहीं लोगों ने आरती व हरिकीर्तन कर नववर्ष […]

उमंग. नये साल के आगमन पर गुलजार रहे पिकनिक स्पाॅट, होटल व रेस्तरां में युवाओं ने मनाया जश्न

औरंगाबाद शहर : नया वर्ष 2017 के स्वागत के उपलक्ष्य में औरंगाबाद जिले में जम कर जश्न मनाया गया. जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंडों तक नववर्ष की धूम रही. कहीं लोगों ने आरती व हरिकीर्तन कर नववर्ष की शुरुआत की, तो कहीं लोग डीजे पर थिरकते हुए उत्साह के साथ नववर्ष मनाया. न्यू इयर सेलिब्रेशन पर जहां जिले में पार्टियां आयोजित की गयीं, वहीं युवा पिकनिक मनाते भी दिखे. नये वर्ष को लेकर शहर के बाजारों, होटलों व रेस्तरां में जश्न का माहौल रहा और जगह-जगह पार्टियां आयोजित की गयीं.
नये वर्ष का इस्तकबाल करते हुए जहां जिले के लोग आसपास के विभिन्न पर्यटक स्थलों पर पिकनिक के लिए पहुंचे. वहीं दूसरे राज्य से आये सैलानियों से पिकनिक स्पॉट गुलजार रहे. रविवार को ठंड रहने के बावजूद नये वर्ष के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी गयी. खासकर युवा नववर्ष को जम कर सेलिब्रेट करते दिखे. वहीं रविवार को छुट्टियां होने के कारण सरकारी व गैर सरकारी संस्थान के लोग भी पिकनिक मनाने चुनिंदा स्थानों पर पहुंचे. नये वर्ष पर एक तरफ पिकनिक स्पॉट गुलजार रहा,
तो दूसरी तरफ मठ मंदिरों में दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. पौ फटते ही लोग नित्यक्रिया से निबट कर भगवान के दर्शन के लिए पहुंचने लगे. औरंगाबाद शहर स्थित गणपति मंदिर, दुर्गा मंदिर, महावीर मंदिर, संकट मोचन मानस मंदिर, सत्येंद्रनगर दुर्गा मंदिर, साई मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. नये वर्ष का स्वागत ईश्वर के गुणगान से किया गया.
ठंड के बावजूद उत्साह में कमी नहीं, सुबह से ही मंदिरों के बाहर लगने लगीं कतारें
नये साल के पहले दिन पूजा-अर्चना में जुटे लोग.
देव सूर्य मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
ऐतिहासिक सूर्य मंदिर में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
देव के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक सूर्य मंदिर में दर्शन पूजन के लिए नववर्ष के पहले दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. जैसे ही भगवान का पट खुला वैसे ही जयकारा करते हुए श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश कर गये. सुबह का नजारा ऐसा था कि मानो हर कोई पहले दर्शन-पूजन करना चाहता हो. लेकिन, मंदिर प्रशासन की लापरवाही भरी कारगुजारियों ने ऐतिहासिक सूर्य मंदिर की व्यवस्था की पोल खोल दी. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास समिति और स्थानीय प्रशासन द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की गयी थी. यही कारण था कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गयी और सभी बगैर कतार के ही मंदिर में प्रवेश करने लगे.
निकास द्वार से भी श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश करने लगे. इस वजह से श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. मंदिर परिसर से ही कुछ लोगों ने औरंगाबाद एसपी और न्यास समिति के अध्यक्ष व एसडीओ सुरेंद्र प्रसाद को फोन कर कुव्यवस्था की जानकारी दी. इन दोनों पदाधिकारियों के तत्परता के बाद स्थिति सामान्य हुई. देव थाना पुलिस की लापरवाही भी देखने को मिली. थाना मोड़ के समीप सिर्फ खानापूर्ति के लिए वाहनों के आवागमन पर रोक लगायी गयी थी.
पवई, भैरोपुर व उमगा के पहाड़ों पर लोगों ने लिया पिकनिक का आनंद
नववर्ष को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल दिखा. छोटे-छोटे बच्चों से लेकर वृद्ध भी नववर्ष का आनंद लेते देखे गये. सबसे अधिक आनंद उन लोगों ने लिया, जो पहले ही पिकनिक की तैयारी कर चुके थे. पवई पहाड़ ,भैरोपुर पहाड़, उमगा, वाजितपुर, बाकन सहित अन्य पहाड़ों पर चहल-पहल का नजारा दिखा. कोई शाकाहारी का आनंद ले रहा था, तो कोई मांसाहारी भोजन का. स्कूली बच्चे भी अधिक संख्या में देखे गये. कई विद्यालयों के शिक्षक व शिक्षिकाएं अपने बच्चों के साथ पिकनिक का आनंद लेते नजर आये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >