खुशखबरी. पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल से की जा रही तुलना, सौंदर्यीकरण का काम हुआ पूरा
औरंगाबाद समाहरणालय प्रांगण में बना नगर भवन अब पहले से कहीं ज्यादा आकर्षक और आधुनिक रूप में है. इस पर जिला प्रशासन काे गर्व है, तो शहर और जिलेवासियों के लिए सम्मान की बात है. औरंगाबाद के गौरव को चार चांद लगानेवाला इस भवन के स्वरूप को देख कर लोगों का कहना है कि बड़े शहरों के आधुनिक छविगृह भी इसके स्वरूप के सामने फीके पड़ गये हैं. नगर भवन को सुंदर बनाने का श्रेय वैसे तो यहां के जिला पदाधिकारी कंवल तनुज काे जाता है, लेकिन इसमें ‘प्रभात खबर’ की भूमिका भी रही है.
नगर भवन को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने में श्रीसीमेंट उद्योग का सबसे बड़ा योगदान रहा है, जिसने आगे बढ़ कर चार माह के भीतर इसकी सुंदरता को निखारा है. कहा तो यहां तक जा रहा है कि इसके जैसा नगर भवन इस राज्य में दूसरा नहीं है. पटना का श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल भले ही बड़े आकार का है, लेकिन आधुनिकता के मामले में औरंगाबाद का नगर भवन उससे भी आगे हैं.
