देवकुंड : बेटी अंजली के स्मृति में डिंडिर गांव के मुंझाड़ छठ घाट का निर्माण कराया जायेगा. इसके लिये अंजली की पुण्यतिथि के अवसर पर प्रस्तावित निर्माण स्थल का भूमि पूजन किया गया. भूमि पूजन महर्षि च्यवनाश्रम पीठ के मठाधीश कन्हैयानंदपुरी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि विधान से किया.
भूमि पूजन के लिये अंजली के आवास से गांव दर्जनों महिलाओं व पुरुषों के साथ मठाधीश निर्माण स्थल तक पैदल चल कर पहुंचे. उसके बाद पंडित परशुराम पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण कर विधिवत पूजा-अर्चना की गयी. भूमि-पूजन कर रहे मठाधीश ने कहा कि इस घाट का नाम अंजली छठी घाट डिंडिर के नाम से जाना जायेगा. स्थायी निर्माण से गांव के लोगों का फायदा होगा. साथ ही अंजली की स्मृति सदा के लिये अमर हो जायेगी.
हर वर्ष समारोह पूर्वक मनायी जा रही बेटी की पुण्यतिथि : आज के जमाने में लोग जहां बेटियों को जन्म से पहले ही मार देते हैं, वहीं मणिकांत नाम एक पिता ने अपनी बेटी की पुण्यतिथि उल्लासपूर्वक मनाकर न सिर्फ एक मिसाल कायम की है, बल्कि इस आयोजन के माध्यम से बेटियों को ससम्मान सुरक्षित तथा संरक्षित रखने का एक संदेश भी समाज को दिया है.
औरंगाबाद के हसपुरा के डिंडिर में अंजली सेवा संस्थान के ओर से अंजली के सातवीं पुण्यतिथि पर आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामित हुए वरिष्ठ टीवी पत्रकार कुमार प्रबोध ने कहा कि इस तरह के अनूठे आयोजन को न सिर्फ प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, बल्कि इसे एक आंदोलन का स्वरूप देकर बेटियों के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने की भी पूरजोर कोशिश होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि आज तक अपने जीवन में ऐसा पिता नहीं दिखा है, जो अपनी बेटी की पुण्यतिथि को उत्सव के रूप में मनाता है. नि:संदेह ऐसे पिता को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए. अंजली के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि, अंजली जैसी अन्य बेटियों को पढ़ने-लिखने और उनके अरमानों को पंख लगाने के लिये प्रोत्साहित किया जाये. उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि इस संस्था द्वारा अंजली के नाम पर छात्रवृत्ति की योजना शुरू की जाये.
गौरतलब है कि आज से सात साल पहले पत्रकार मणिकांत की पुत्री अंजली की मृत्यु ब्रेन फीवर से हो गयी थी. इस घटना ने एक पिता को झकझोर कर रख दिया था. कार्यक्रम में गोह के पूर्व विधायक डाॅ रणविजय कुमार, पत्रकार संजय सिन्हा, मनीष कुमार, गणेश प्रसाद, अभय कुमार, रंजीत कुमार, राहुल मिश्रा, प्रभा देवी, संस्थान के अध्यक्ष अलखदेव प्रसाद अचल, शंभु शरण सत्यार्थी, विजय कुमार अकेला, अरूण गुप्ता, पैक्स अध्यक्ष संजीत शर्मा आदि उपस्थित थे.
