सुबह होते ही परिवहन िवभाग के काउंटर पर हो जाती है भीड़
औरंगाबाद नगर : जिले में हर रोज पुलिस प्रशासन द्वारा चलाये जा रहे वाहन चेकिंग अभियान का नतीजा दिखने लगा है. लगातार अभियान चलाकर जुर्माना वसूले जाने के बाद लोग अब अपने वाहनों के कागजात दुरुस्त कराने में जुट गये हैं. लेकिन, कागजातों को दुरुस्त कराने में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में लोगों को नाकों चने चबाने पड़ रहे हैं.
परिवहन विभाग कार्यालय की हालात यह है कि सुबह होते ही लोग हाथ में सारे कागजात लेकर कार्यालय पहुंच जाते हैं और कतार में खड़ा होकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं. फिर भी एक व्यक्ति को दो से तीन घंटे कतार में खड़ा रहना पड़ता है. इस परिस्थिति में कई लोगों की बसें घर जाने के लिये छूट जाती हैं.
सोमवार को देवकुंड से लाइसेंस बनवाने पहुंचे मंजीत कुमार ने कहा कि सुबह सात बजे से ही कतार में खड़े हैं, तब जाकर 12 बजे फार्म जमा हुआ. घटराइन से पहुंचे प्रिंस कुमार ने बताया कि 9 बजे से कतार में खड़े हैं. गोड़ारी से पहुंचे जयप्रकाश कुमार और रंजन कुमार ने कहा कि सुबह आठ बजे से कतार में खड़े हैं, तब जाकर फार्म जमा हुआ. इस संबंध में पूछे जाने पर जिला परिवहन पदाधिकारी रविंद्र प्रसाद ने बताया कि सरकार द्वारा सोमवार से टैक्स में बढ़ोतरी की गयी है. इसका सॉप्टवेयर कंप्यूटर में अपलोड नहीं है, जिसके कारण थोड़ी परेशानी हो रही है. जल्द ही एक से दो दिनों में सुधार हो जायेगा.
जिले में पुिलस इन दिनों सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही है. ऐसे में यह बेहतर होगा कि आप वाहन चलाते समय यातायात िनयमों का पालन करें व सभी जरूरी कागजात साथ रखें. ऐसा करने से आप न िसर्फ परेशानी से बचेंगे बल्कि, सुरक्षित भी रहेंगे. दोपहिया चलाते वक्त हेलमेट व बड़े वाहनों में सीटबेल्ट मा इस्तेमाल जरूर करें.
