दाउदनगर-नासरीगंज के बीच पुल निर्माण के कार्य पर असर
सोनतटीय इलाके में सब्जी की फसल के पूरी तरह बरबाद होने की आशंका
दाउदनगर : एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार सोननदी का जल स्तर बढ़ गया है. शुक्रवार की शाम तक लगातार जल स्तर बढ़ता जा रहा था. जमालपुर घाट की ओर निर्माणाधीन सोन पुल के 45 नंबर पाया तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है. पिछले सप्ताह भी इस स्थान पर बाढ़ का पानी पहुंचा था.
काली स्थान घाट, बालूगंज, अंछा, महमदपुर समेत अन्य सोनतटीय इलाके के सोन दियारा क्षेत्र में बाढ़ का पानी फैला हुआ है. गौरतलब है कि गुरुवार से ही इन्द्रपुरी बराज द्वारा करीब साढ़े तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार पानी बढ़ना शुरू हुआ. यह सिलसिला शुक्रवार को जारी रहा. जानकारी के अनुसार सोन का जलस्तर लगातार बढ़ते जा रहा है और अभी बढ़ते रहने की ही संभावना है. जलस्तर बढ़ने से दाउदनगर-नासरीगंज के बीच सोन नदी पुल निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है.
सोन पुल निर्माण का सेगमेंट एवं अन्य सामग्री बाढ़ में डूबी हुई है. निर्माण करा रही एजेंसी एचसीसी कार्यालय के चारों तरफ भी पानी फैला हुआ है. पूरे सोन दियारा क्षेत्र में चारो ओर पानी फैला हुआ है और जलस्तर बढ़ता जा रहा है. वही, सोन दियारा क्षेत्र में लगी सब्जियों की फसल भी पूरी तरह से नष्ट होने की आशंका है, जो पिछली बार थोड़ी-बहुत बच गयी थी. दाउदनगर सीओ विनोद सिंह ने बताया कि उन्होंने अंछा, महमदपुर आदि सोनतटीय इलाके में जाकर लोगों को अलर्ट किया है. यह अलर्ट अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा.
जन प्रतिनिधियों के माध्यम से भी सूचना फैलाई जा रही है और लोगों से सावधान रहने की अपील की जा रही है. सीओ ने बताया कि इन्द्रपुरी बराज से सोननदी में शुक्रवार तक पांच लाख 89 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना प्राप्त हुई है.
