श्रीसीमेंट प्लांट के अधिकारी से रंगदारी मांगनेवाले अपराधी ने खोले राज
औरंगाबाद थाने की पुलिस को मिली सफलता
200 रुपये प्रति सिम बेचता था कारोबारी
औरंगाबाद (नगर) : दूसरे के नाम, पता व फोटो पर फर्जी तरीके से सिम बेचनेवाले एक कारोबारी मो अरशद को औरंगाबाद की पुलिस ने हसपुरा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया है. उसकी गिरफ्तारी मंगलवार की रात में हुई. बुधवार को प्रेसवार्ता के दौरान एसपी बाबू राम ने बताया कि पांच दिन पहले एक अपराधी ने श्री सीमेंट प्लांट के अधिकारी से रंगदारी मांगी थी.
उस घटना के बाबत प्राथमिकी नगर थाने में दर्ज करायी गयी थी. पुलिस ने धमकी देनेवाले अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पूछताछ में गिरफ्तार अपराधी अरुण राम ने पुलिस को बताया कि हसपुरा स्थित मो अरशद से बिना कागजात के पांच सिम कार्ड की खरीदारी चार माह पहले की थी. अरुण राम की निशानदेही पर हसपुरा स्थित मो अरशद के ठिकानों पर छापेमारी की गयी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पूछताछ में उसने बताया कि अरुण राम को 200 रुपये प्रति सिम कार्ड उपलब्ध कराया था. इधर, एसपी बाबूराम ने यह भी बताया कि जो सिम कार्ड अरुण राम को उपलब्ध कराेा गये थे, वे नालंदा के रंधीर कुमार व कैमूर के देवेंद्र चौरसिया के नाम पर बेचा गया था.
पुलिस उक्त दोनों व्यक्तियों से भी पूछताछ करेगी. साथ ही, दर्ज प्राथमिकी में उक्त दोनों को सरकारी गवाह बनाया जायेगा. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सिम कारोबारी की दुकान को सील किया जायेगा. साथ ही, अब तक उसके द्वारा कितने सिम कार्ड बेचे गये हैं, इसकी जांच की जायेगी. एसपी ने सिम बेचनेवाले कारोबारियों को हिदायत देते हुए कहा है कि उसी व्यक्ति से सिम कार्ड बेचें, जो स्वयं फोटो व अपने कागजात के साथ सिम खरीदने आते हैं.
उन्होंने यह भी कहा है कि जो कागजात की फोटो कॉपी कराने के लिए दुकानों पर जाते हैं वे दुकान पर अपने कागजात नहीं छोड़ें. प्रेसवार्ता के दौरान एसडीपीओ पीएन साहू, नगर थानाध्यक्ष एसके सुमन व दारोगा अंजय चौधरी मौजूद थे.
