औरंगाबाद : रोज-रोज रेलवे ट्रैक पार कर पैदल स्कूली जानेवाली एक छात्रा की जिंदगी का सफर बुधवार की सुबह खत्म हो गया. गया-मुगलसराय रेलखंड के एएन रोड स्टेशन के पास करीब नौ बजे रेलवे ट्रैक पार करते समय किसी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 10वीं में पढ़नेवाली शालिनी सौरभ नामक 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गयी. देखते ही देखते उसके शरीर के टुकड़े हो गये. घटना के वक्त ट्रेन पश्चिम दिशा की ओर से आ रही थी. शालिनी जम्होर थाना क्षेत्र के सरसौली गांव निवासी कृष्णा सिंह की बेटी थी.
आजकल स्कूलों में 15 अगस्त की तैयारी को लेकर परेड का अभ्यास चल रहा है. शालिनी सौरभ ने भी देशभक्ति की खातिर अपने स्कूल शहीद जगतपति सरस्वती विद्या मंदिर में हाेनेवाली परेड में हिस्सा लिया था. इसके अभ्यास के लिए वह हर दिन की भांति बुधवार की सुबह भी करीब नौ बजे स्कूल जा रही थी.
इस दौरान एएन रोड स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पार करते समय वह पश्चिम दिशा से तेज गति से आ रही एक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गयी और उसके चीथड़े उड़ गये. देशभक्ति का जज्बा मन में लिये हुए घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी जम्होर स्थित शहीद जगतपति सरस्वती विद्या मंदिर में पहुंची, तो शिक्षक व प्राचार्य सभी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े.
विद्यालय प्रबंधन ने इसकी जानकारी परिजनों को दी. कुछ ही देर में परिजन भी मौके पहुंचे और रेलवे ट्रैक पर पड़ा शालिनी का शव उठा कर घर ले गये. पता चला है कि 10वीं कक्षा में पढ़नेवाली शालिनी मेधावी थी व रोज घर से पैदल ही विद्यालय जाया करती थी. एएन रोड स्टेशन मास्टर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों द्वारा शव उठा कर घर ले जाने के कारण उसका पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका है. इधर, इस घटना के बाद शोकसभा आयोजित कर शहीद जगतपति सरस्वती विद्या मंदिर को बंद कर दिया गया.
