डॉक्टरों के अभाव में कंपाउंडर ने ही घोषित किया मृत
औरंगाबाद/मदनपुर : दनपुर प्रखंड के चांद बिगहा गांव में सांप के काटने से 17 वर्षीय युवती ममता कुमारी की मौत हो गयी. घटना रविवार की रात 12 बजे की है. सत्यनारायण यादव की पुत्री ममता कुमारी अपनी मां के साथ चारपाई पर सो रही थी. इसी दौरान गेहुंअन नामक विषैले सांप ने काट लिया. परिजन इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद ले गये, जहां पर डाॅक्टर मौजूद नहीं थे.
परिजनों ने कंपाउंडर को डॉक्टर को बुलाने के लिए आग्रह किया. लेकिन, कंपाउंडर ने कहा कि डाक्टर नहीं हैं और बिना जांच किये उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के परिजन के अनुसार युवती उस समय जिंदा थी. थके-हारे परिजनों ने उसे नारायण मेडिकल कॉलेज जमुहार ले जाने लगे. इसी दौरान बीच रास्ते में ही युवती ने दम तोड़ दिया .
मृतका के मां, बहन और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. पूरे गांव में शोक की लहर है. मृतका मनिका हाइस्कूल में 10वीं क्लास में पढ़ती थी. मनिका पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शंकर राम ने बताया कि अगर डॉक्टर कोशिश करते तो ममता की जान बच सकती थी. अस्पताल प्रशासन के इस रवैये से पूरे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है.
